Udhampur: पुलिस के खिलाफ निकाली रोष रैली, आधा घंटा लगाया जाम; महिला से मार-पीट का मामला

विनोद कुमार ने कहा कि यह मामला 11 जनवरी को हुआ था लेकिन तीसरे दिन 13 जनवरी तक भी पुलिस ने किसी आरोपित को गिरफ्तार नहीं किया था। इस कारण लोगों को प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा।

By Edited By: Publish:Fri, 15 Jan 2021 07:31 AM (IST) Updated:Fri, 15 Jan 2021 07:45 AM (IST)
Udhampur: पुलिस के खिलाफ निकाली रोष रैली, आधा घंटा लगाया जाम; महिला से मार-पीट का मामला
पुलिस की कार्रवाई संतोषजनक होती तो लोगों को हस्तक्षेप करने की जरूरत ही नहीं पड़ती।

संवाद सहयोगी, रियासी : रियासी क्षेत्र में एक महिला से मारपीट व जबरदस्ती के मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने वीरवार शाम को कस्बे में रोष रैली निकालकर पुलिस और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने मुख्य बस अड्डे के समीप सड़क पर धरना देकर सड़क को लगभग आधा घंटा तक जाम रखा।

शाम को लगभग 5:30 बजे पीपुल्स फोरम के बैनर तले विश्व हिंदू परिषद के प्रधान विनोद कुमार के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने कस्बे के चौक चबूतरा से रोष रैली निकाली। रैली में शामिल लोग पुलिस तथा प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य बस अड्डा पहुंचे। उन्होंने सड़क पर धरना देकर मुख्य बस अड्डा से नई बस्ती आने-जाने वाले मार्ग को अवरुद्ध कर दिया। इस मौके पर प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यह मामला चार दिन पहले का है। अगर इस पर शुरू से ही पुलिस की कार्रवाई संतोषजनक होती तो लोगों को हस्तक्षेप करने की जरूरत ही नहीं पड़ती।

लोगों की सुरक्षा व्यवस्था और न्याय दिलाने का जिम्मा पुलिस का है। महिला के साथ हुई घटना में त्वरित कार्रवाई के बजाय पुलिस की कार्यशैली उदासीन रही जिससे लोगों में पुलिस तथा प्रशासन के प्रति रोष पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस के लचर रवैए से असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हो सकते हैं जो कि शांति तथा सुरक्षा के प्रति ठीक नहीं है।

पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार: इस मौके पर विनोद कुमार ने कहा कि यह मामला 11 जनवरी को हुआ था, लेकिन तीसरे दिन 13 जनवरी तक भी पुलिस ने किसी आरोपित को गिरफ्तार नहीं किया था। इस कारण लोगों को प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा। लोगों के प्रदर्शन के बाद हरकत में आई पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द बाकी आरोपितों को भी गिरफ्तार करे।

chat bot
आपका साथी