ऊधमपुर में बनेगा संग्रहालय : मेघवाल

जागरण संवाददाता ऊधमपुर ऊधमपुर में संग्रहालय फंड योजना के तहत अच्छा संग्रहालय बनाया जा

By JagranEdited By: Publish:Sat, 18 Sep 2021 05:49 AM (IST) Updated:Sat, 18 Sep 2021 05:49 AM (IST)
ऊधमपुर में बनेगा संग्रहालय : मेघवाल
ऊधमपुर में बनेगा संग्रहालय : मेघवाल

जागरण संवाददाता, ऊधमपुर :

ऊधमपुर में संग्रहालय फंड योजना के तहत अच्छा संग्रहालय बनाया जाएगा, जिसमें ऐतिहासिक व संस्कृति से संबंधित चीजें रखी जाएंगी। यह बात केंद्र सरकार के जनसंपर्क अभियान के तहत ऊधमपुर जिले के दो दिवसीय दौरे पर आए संसदीय मामलों व केंद्रीय संस्कृति राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने दौरे के दूसरे व अंतिम दिन सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल ऊधमपुर में कही।

उन्होंने कहा कि कई शिष्टमंडलों ने ऊधमपुर में एक अच्छा सांस्कृतिक केंद्र या संग्रहालय बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऊधमपुर में संस्कृति की दृष्टि से डोगरा संस्कृति, डोगरी भाषा, वीरता सहित संस्कृति की झलक प्रदर्शनी में देखने को मिली है। स्कूल में लाइब्रेरी को देखा। स्कूल की इमारत 1890 की बनी है और यह भी हेरिटेज बन सकती है।

उन्होंने कहा कि ऊधमपुर में संग्रहालय फंड योजना के तहत अच्छा संग्रहालय बनाया जाएगा, जिसमें डोगरा संस्कृति, पांडुलिपि और सभ्यता से जुड़ी चीजें रखी जाएंगी, जिसे देख कर लोग गौरवान्वित महसूस कर सकें और जान सकें कि डोगरा संस्कृति कितनी समृद्ध है।

मंत्री ने कहा कि जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत विकास के कार्य को देखने के साथ जनता की मांगों को सुनने का अवसर मिलता है। सरकार का विकास का रोडमैप क्या है, यह जनता को समझाने का मौका मिलता है।

वीरवार को दौरे के दूसरे दिन की शुरुआत केंद्रीय राज्यमंत्री ने साइकिल रैली को रवाना कर व उसमें हिस्सा लेकर की। उन्होंने तारा निवास से आजादी का अमृत महोत्सव के तहत आयोजित साइकिल रैली में हिस्सा लिया। रैली एमएच चौक, हायर सेकेंडरी स्कूल में संपन्न हुई।

हायर सेकेंडरी स्कूल में मंत्री का प्रशासन व स्कूल प्रबंधन की ओर से स्वागत किया गया। स्कूल के एनसीसी कैडेट्स ने मंत्री को गार्ड आफ आनर दिया। इसके बाद मंत्री ने हायर सेकेंडरी स्कूल में अमर संतोष आर्ट गैलरी की ओर से आयोजित ऐतिहासिक चीजों की प्रदर्शनी प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने प्रदर्शनी में रखे गए जीवाश्म, पुरातत्व अवशेष, मिट्टी व पत्थर के बर्तन, हथियार, वाद्य यंत्र, चित्र कला, पांडु लिपियों व अन्य ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक चीजों का अवलोकन किया और उनके बारे में जानकारी हासिल की। प्रदर्शनी में रखी चीजों से वह खासे प्रभावित हुए। उन्होंने जिला प्रशासन व अमर संतोष आर्ट गैलरी द्वारा प्रदर्शनी आयोजित करने के प्रयास को सराहते हुए कहा कि इस तरह की प्रदर्शनियां लोगों को अपने समृद्ध इतिहास व संस्कृति से रूबरू कराती हैं।

इसके साथ ही उन्होंने 1890 में बने सरकारी ब्वायज हायर सेकेंडरी स्कूल की इमारत का दौरा किया और लाइब्रेरी को भी देखा। इस अवसर पर मंत्री ने प्रशासन व जिला सूचना विभाग की ओर से तैयार जिले के सांस्कृतिक व ऐतिहासिक स्मारकों पर बनाए गए वृत्तचित्र को जारी किया। विद्यार्थियों ने मंत्री के समक्ष किया योगाभ्यास का प्रदर्शन

मंत्री के दौरे के दौरान स्कूल के विद्यार्थियों ने उनके समक्ष योगाभ्यास का प्रदर्शन किया। मंत्री ने योग के महत्व पर रोशनी डालते हुए योग को विश्व के लिए भारत का तोहफा बताया। उन्होंने सभी को तनाव और रोगमुक्त जीवन के लिए योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने को प्रेरित कया। इस अवसर पर डीसी ऊधमपुर इंदु कंवल चिब, एसएसपी ऊधमपुर सरगुन शुक्ला, एडीडीसी कांता देवी, एडीसी मोहम्मद सईद खान सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी