बिरमा बैली पुल का अप्रोच टूटा, वाहनों की आवाजाही बंद

जागरण संवाददाता ऊधमपुर एक टिप्पर चालक की लापरवाही से कुछ माह पहले बिरमा नदी पर ब

By JagranEdited By: Publish:Wed, 29 Sep 2021 06:16 AM (IST) Updated:Wed, 29 Sep 2021 06:16 AM (IST)
बिरमा बैली पुल का अप्रोच टूटा, वाहनों की आवाजाही बंद
बिरमा बैली पुल का अप्रोच टूटा, वाहनों की आवाजाही बंद

जागरण संवाददाता, ऊधमपुर : एक टिप्पर चालक की लापरवाही से कुछ माह पहले बिरमा नदी पर बनाया गया बैली पुल फिर क्षतिग्रस्त हो गया। सेना और पुलिस ने क्षतिग्रस्त पुल को बंद कर सभी वाहनों की आवाजाही को प्रतिबंधित कर दिया है। पुलिस ने टिप्पर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन को जब्त कर लिया है। वहीं, इस बैली पुल से 300 मीटर की दूरी पर ग्रेफ की ओर से बनाए गए दूसरे बैली पुल पर अब दोनों तरफ से आवाजाही की अनुमति दे दी गई है।

बता दें कि कुछ माह पूर्व बरसात के दौरान जम्मू-कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिरमा नदी पर बना पुराना पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। इससे इस मार्ग से वाहनों की आवाजाही कई दिनों तक बंद हो गई। पुल क्षतिग्रस्त होने से परेशान लोगों को राहत देने के लिए जिला प्रशासन ने सेना की मदद से क्षतिग्रस्त पुल पर बैली पुल का निर्माण कर तीन दिन में इसे वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया। वहीं, इसके साथ ही ग्रेफ ने भी इस पुल से करीब 300 मीटर की दूरी पर एक और बैली पुल का निर्माण शुरू कर दिया। ग्रेफ का पुल बनने के बाद बिरमा के क्षतिग्रस्त पुल पर बनाए गए बैली पुल का प्रयोग ऊधमपुर से जम्मू जाने वाले वाहन कर कर थे, जबकि ऊधमपुर में आने के लिए ग्रेफ की ओर से तैयार बैली पुल का इस्तेमाल किया जा रहा था। दोनों पुलों से यातायात सुचारु रूप से चल रहा था, मगर मंगलवार तड़के एक लोड टिप्पर ने पुलिस के रोकने के बावजूद पुल पर से गुजरने का प्रयास किया। कई टन निर्माण सामग्री से लदे इस टिप्पर का वजन पुल का अप्रोच नहीं झेल पाया और उसके ऊपर लगी प्लेटें अंधर धंस गई। इससे टिप्पर पुल के अप्रोच में फंस गया। पुल पर टिप्पर फंसने की वजह से सभी तरह की आवाजाही के लिए पुल बंद हो गया। पुलिस के साथ सेना के जवान व अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। वहीं, पुल बंद होने से ऊधमपुर से जम्मू जाने के लिए वाहनों की कतार लग गई। इसके बाद ग्रेफ की ओर से बनाए गए पुल को दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया। उसके बाद से इस पुल से वाहनों की आवाजाही हो रही है। पुल पर से केवल उन्हीं को जाने दिया जा रहा है, जिनको जाने की अनुमति दी जा रही है।

वहीं, बैली पुल का निर्माण करने वाले सेना की इंजीनियर रेजिमेंट के अधिकारियों ने मौके पर क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण किया। इसके साथ टिप्पर से क्षतिग्रस्त हुए पुल के अप्रोच की मरम्मत का काम शुरू किया। पुल के क्षतिग्रस्त अप्रोच को हटा दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक इस जगह पर अप्रोच बनाने के लिए कुछ सामान पठानकोट से मंगवाया गया है। उसके रात को पहुंचने के बाद बुधवार को बैली पुल के क्षतिग्रस्त अप्रोच को फिर से बनाकर पुल को यातायात के लिए खोल दिए जाने की संभावना है। वहीं, पुलिस ने प्रतिबंधित होने और पुलिस के रोकने के बावजूद जबरन पुल पर टिप्पर लेकर गुजरने वाले चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने टिप्पर को भी कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है।

chat bot
आपका साथी