संसद ही लौटाएगी जम्मू कश्मीर राज्य का दर्जा : सिन्हा

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि सिर्फ संसद ही केंद्र शासित जम्मू कश्मीर प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा प्रदान कर सकती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इस विषय में संसद में पहले ही कई बार बता चुके हैं।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 01 Dec 2021 05:12 AM (IST) Updated:Wed, 01 Dec 2021 05:12 AM (IST)
संसद ही लौटाएगी जम्मू कश्मीर राज्य का दर्जा : सिन्हा
संसद ही लौटाएगी जम्मू कश्मीर राज्य का दर्जा : सिन्हा

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर : उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि सिर्फ संसद ही केंद्र शासित जम्मू कश्मीर प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा प्रदान कर सकती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इस विषय में संसद में पहले ही कई बार बता चुके हैं। उन्होंने कहा कि संसद ने ही जम्मू कश्मीर से उसका राज्य का दर्जा लिया है और संसद ही इसे लौटाएगी।

मंगलवार को कोलकाता में जम्मू कश्मीर में निवेश को आकर्षित करने के लिए उद्योग एवं वाणिज्य विभाग जम्मू कश्मीर की ओर से आयोजित पूर्वाेत्तर के निवेशकों के एक सम्मेलन के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उपराज्यपाल ने कहा कि जम्मू कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा प्रदान किए जाने पर केंद्र सरकार पूरी तरह स्पष्ट है। इसमें कोई असमंजस नहीं है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कई बार यकीन दिला चुके हैं। उन्होंने कई बार दोहराया है कि जम्मू कश्मीर में परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विधानसभा चुनाव कराए जाएंगे। विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद ही जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा पुनर्बहाल होगा। प्रधानमंत्री और गृहमंत्री पर विश्वास रखिए। उपराज्यपाल ने कहा कि जम्मू कश्मीर में विधानसभा के गठन के लिए केंद्र सरकार पूरी तरह संकल्पबद्ध है। यह परिसीमन की प्रकिया के संपन्न होने पर ही कराए जाएंगे। उपराज्यपाल ने कहा है कि जम्मू कश्मीर अब विकास के नए रास्ते पर निकल चला है। अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद प्रदेश के विकास में आने वाले हर बाधाएं दूर हो गई हैं। औद्योगिक निवेश के लगातार प्रस्ताव आ रहे हैं। विदेश के उद्यमी भी जम्मू कश्मीर के लिए आकर्षित हो रहे हैं।

chat bot
आपका साथी