दो दशक के बाद कोकरनाग का न्यूनतम तापमान फिर रिकॉर्ड पर, बुधवार-वीरवार की रात माइनस 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा पारा

दक्षिण कश्मीर में अनंतनाग जिले के कोकरनाग में बुधवार-वीरवार की रात 22 वर्षों बाद सबसे ठंडी रही। यहां का न्यूनतम तापमान माइनस 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा। यह न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। गत दो दशकों में अमूमन यहां पारा सामान्य के आसपास ही रहा है।

By lokesh.mishraEdited By: Publish:Thu, 31 Dec 2020 09:22 PM (IST) Updated:Thu, 31 Dec 2020 09:22 PM (IST)
दो दशक के बाद कोकरनाग का न्यूनतम तापमान फिर रिकॉर्ड पर, बुधवार-वीरवार की रात माइनस 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा पारा
कश्मीर में ठंड नए रिकॉर्ड बना रही है।

श्रीनगर, जेएनएन: कश्मीर में ठंड नए रिकॉर्ड बना रही है। दक्षिण कश्मीर में अनंतनाग जिले के कोकरनाग में बुधवार-वीरवार की रात 22 वर्षों बाद सबसे ठंडी रही। यहां का न्यूनतम तापमान माइनस 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा। यह न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। गत दो दशकों में अमूमन यहां पारा सामान्य के आसपास ही रहा है। इस बीच, मौसम विभाग ने चार जनवरी से दो दिन तक फिर से बारिश और हिमपात होने के आसार जताए हैं।

वहीं, वीरवार को पूरे प्रदेश में धूप रही। हालांकि, सर्द हवाओं ने कोई नरमी नहीं बरती। ये हवाएं जनजीवन को कंपकंपा रही हैं। मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि कोकरनाग में वर्ष 1998 में 30 दिसंबर की रात इससे भी ठंडी रही थी। तब न्यूनतम तापमान माइनस 10.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। 1986 में 19 और 31 दिसंबर को न्यूनतम तापमान माइनस 10.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। यह तापमान क्षेत्र में अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान है।

मौसम विभाग के निदेशक सोनम लोटस ने कहा कि चार जनवरी से जम्मू कश्मीर के ऊपरी इलाकों के साथ साथ निचले इलाकों में भी बर्फ गिर सकती है। 21 दिसंबर से कश्मीर में सबसे ठंडे चालीस दिन यानी चिल्ले कलां शुरू होने के बाद अब तक निचले इलाकों में केवल एक बार ही बर्फबारी हुई है। वहीं, गुलमर्ग समेत सभी ऊपरी इलाके कई बार बर्फ की मोटी चादर ओढ़ चुके हैं। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान -10.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह वीरवार को कश्मीर में सबसे ठंडा इलाका रहा। पहलगाम में न्यूनतम तापमान -9.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

डल का पानी जमने लगा : वीरवार को श्रीनगर मे न्यूनतम तापमान माइनस 5.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। श्रीनगर का पारा लगातार माइनस में चल रहा है। इसके चलते डल झील का पानी जमने लगा है। झील की ऊपरी सतह पर पानी की मोटी परत जमकर बर्फ बन गई है। वहीं, जम्मू में सुबह से ही धूप खिलने लगी थी। पूरे दिन मौसम साफ रहा।

chat bot
आपका साथी