राजौरी शहर में फिर लॉकडाउन, चार इलाके रेड जोन घोषित

जागरण संवाददाता राजौरी पिछले तीन दिनों से बढ़ते जा रहे कोरोना के मामलों को देखते ह

By JagranEdited By: Publish:Sun, 12 Jul 2020 01:21 AM (IST) Updated:Sun, 12 Jul 2020 06:20 AM (IST)
राजौरी शहर में फिर लॉकडाउन, चार इलाके रेड जोन घोषित
राजौरी शहर में फिर लॉकडाउन, चार इलाके रेड जोन घोषित

जागरण संवाददाता, राजौरी : पिछले तीन दिनों से बढ़ते जा रहे कोरोना के मामलों को देखते हुए प्रशासन ने पूरे नगर में लॉकडाउन कर दिया है और नगर में दाखिल होने वाले सभी मार्गो को सील कर दिया है। पूरे क्षेत्र में लॉकडाउन को सख्ती से लागू किया जा रहा है।

शनिवार को जिले में 29 नए कोरोना के मामले सामने आने के बाद प्रशासन ने चार इलाकों को रेड जोन घोषित कर दिया है। 29 नए मामलों में सात नगर में रेहड़ी-फड़ी लगाने वाले भी शामिल हैं। दिनोंदिन बढ़ रहे कोरोना के मामलों से क्षेत्र के लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों को घरों में ही रहने की अपील की है।

इस संबंध में बात करते हुए जिला आयुक्त मुहम्मद नजीर शेख ने कहा कि कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी क्वारंटाइन केंद्र में भेज दिया जाएगा। उनके सैंपल लेने का काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आठ लोग पहले से पॉजिटिव आए लोगों के संपर्क में आने वाले संक्रमित हुए हैं, जिनमें सुंदरबनी के दो, केवल गांव का एक, समोट गांव के दो, फलनी गांव का एक, सरानू गांव का एक, पुलिसलाइन का एक अधिकारी व राज्य शस्त्र पुलिस का एक जवान शामिल है। इनके अलावा 14 लोग यात्रा इतिहास वाले हैं और ये सभी क्वारंटाइन केंद्र में हैं।

उन्होंने कहा कि नगर के वार्ड नंबर दस, पंजा चौक से खांडली पुल, जवाहर नगर का क्षेत्र, सौ मीटर कोटधड़ा रोड, अब्दुला पुल से तालीम घर स्कूल, जिसे मदीना कॉलोनी भी कहा जाता है और खेवहरा की दानिशाबाद कॉलोनी को रेड जोन घोषित कर दिया गया है। जिला आयुक्त ने कहा कि रेड जोन वाले क्षेत्र से किसी को भी बाहर आने-जाने की अनुमति नहीं होगी। लोग अपने घरों में रहें और सुरक्षित रहें। उन्होंने कहा कि नगर परिषद की सीमा के अंदर आने वाली सभी दुकानें, व्यावसायिक प्रतिष्ठान अगले आदेश तक बंद रहेंगे।

chat bot
आपका साथी