आटो चालकों पर कार्रवाई करने से कतरा रहा यातायात विभाग

जागरण संवाददाता राजौरी नगर में दिनों-दिन आटो की संख्या बढ़ती जा रही है और इन आटो व

By JagranEdited By: Publish:Tue, 16 Nov 2021 06:12 AM (IST) Updated:Tue, 16 Nov 2021 06:12 AM (IST)
आटो चालकों पर कार्रवाई करने से कतरा रहा यातायात विभाग
आटो चालकों पर कार्रवाई करने से कतरा रहा यातायात विभाग

जागरण संवाददाता, राजौरी : नगर में दिनों-दिन आटो की संख्या बढ़ती जा रही है और इन आटो वालों के कारण पूरा दिन जाम लगा रहता है, लेकिन यातायात विभाग इन आटो वालों पर नकेल कसने में पूरी तरह से विफल है। अब तो हालात यह बन चुके हैं कि एक रूट पर चलने वाले आटो चालक अब राजौरी शहर के रूट पर चल रहे है।

राजौरी शहर में जो भी आटो चल रहे हैं, उनके परमिट जिला उपायुक्त की मंजूरी के बाद विभाग द्वारा जारी किए जाते हैं। राजौरी शहर के लिए पिछले कई वर्षो से परमिट जारी नहीं किया जा रहा है, क्योंकि शहर वाले रूट पर पहले से ही काफी संख्या में आटो चल रहे हैं। अब गांवों के रूटों व शहर के आसपास के रूटों पर चलने वाले आटो भी शहर में ही चल रहे हैं। इससे नगर में आटो की संख्या बढ़ गई है। ये आटो चालक जहां मर्जी करती है, वहीं पर अपना आटो खड़ा कर देते है। इससे पूरे क्षेत्र में जाम लगा रहता है। यातायात विभाग के पास पूरी जानकारी रहती है कि किस आटो को किस रूट का परमिट जारी किया गया है, लेकिन एआरटीओ राजौरी इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।

स्थानीय निवासी अरविद कुमार, जगपाल शर्मा, नरेश कुमार आदि ने कहा कि यातायात विभाग की लापरवाही के कारण ही यह समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि विभाग की ढीली कार्यप्रणाली के चलते दूसरे रूटों वाले आटो भी राजौरी शहर में चल रहे हैं। इससे लोग परेशान हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि जो अन्य रूट के आटो राजौरी शहर में चल रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए और उनके परमिट रद किए जाएं।

इस संबंध में बात करने पर एआरटीओ शम्मी शर्मा का कहना है कि जो भी आटो चालक एक रूट से दूसरे रूट पर अपने आटो चला रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई करने के साथ-साथ उनके परमिट भी रद किए जाएंगे।

chat bot
आपका साथी