नगरी नगरपालिका अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास

जागरण संवाददाता कठुआ जिले के महत्वपूर्ण नगरी नगरपालिका अध्यक्ष शशि कांता के खिलाफ शुक

By JagranEdited By: Publish:Sat, 27 Feb 2021 06:12 AM (IST) Updated:Sat, 27 Feb 2021 06:12 AM (IST)
नगरी नगरपालिका अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास
नगरी नगरपालिका अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास

जागरण संवाददाता, कठुआ : जिले के महत्वपूर्ण नगरी नगरपालिका अध्यक्ष शशि कांता के खिलाफ शुक्रवार को लाया गया अविश्वास प्रस्ताव पास हो जाने से उन्हें अपनी कुर्सी गंवानी पड़ी है। अध्यक्ष के खिलाफ दस दिन पहले पालिका के 8 पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। इसके बाद ईओ ने बैठक बुला कर मतदान कराया। इसमें सभी 13 पार्षदों ने मतदान में भाग लिया। इस दौरान अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 9 और विरोध में मात्र 4 वोट पड़े। इससे करीब ढाई साल से पहले अध्यक्ष बनीं शशि कांता को कुर्सी गंवानी पड़ी है। अध्यक्ष पद के लिए 13 में से 7 सदस्यों के समर्थन की जरूरत होती है। नगरी में भाजपा का बोर्ड था। भाजपा के आठ पार्षदों के सहयोग से बनीं अध्यक्ष के खिलाफ गत वर्ष भी आठ सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव लाया था। उस समय अविश्वास प्रस्ताव पास नहीं हो पाया था। उपाध्यक्ष कांग्रेस के तरसेम सैनी के खिलाफ भी अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। उपाध्यक्ष अविश्वास प्रस्ताव जीत नहीं पाए थे। इसलिए उन्हें उसी समय कुर्सी गंवानी पड़ी थी। उपाध्यक्ष की कुर्सी तभी से खाली चल रही थी। अब अध्यक्ष की कुर्सी भी खाली हो गई है। उजागर हुआ भाजपा का आंतरिक विरोध

नगरपालिका में कांग्रेस के 2, निर्दलीय 3 और 8 भाजपा के सदस्य हैं। इससे साफ है कि भाजपा के कुछ सदस्यों ने भी अध्यक्ष के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में वोट डाला है। इससे पार्टी में आतंरिक विरोध भी उजागर हो गया है। निर्दलीय से भाजपा में शामिल होकर बनी थीं अध्यक्ष

बता दें कि चुनाव में नगरी नगरपालिका में 6 निर्दलीय, दो कांग्रेस और 5 भाजपा के टिकट पर जीते थे। किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था, लेकिन उसके बाद 3 निर्दलीय भाजपा में शामिल हो गए थे। इसमें खुद शशि कांता भी अन्य दो निर्दलीय सदस्यों के साथ भाजपा में शामिल हुई थीं। इसके चलते नगरी में भी भाजपा का ही बोर्ड बना था। जिले में अभी पांच अन्य स्थानों पर भाजपा का ही बोर्ड है। इसमें सिर्फ महिला अध्यक्ष नगरी में ही थीं।

-----------------------

कोट्स

नगरी में अब उपाध्यक्ष और अध्यक्ष दोनों पद खाली हो गया है। इस पूरी प्रक्रिया की जानकारी जिला चुनाव अधिकारी डीसी को दे दी गई है। अब नए सिरे से अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव होंगे। इसके लिए अधिसूचना जारी होगी। जो भी सदस्य उसमें भाग लेना चाहेगा, अपना नामांकन भर कर चुनाव लड़ सकता है।

अमित शर्मा, ईओ, नगरपालिका, नगरी

chat bot
आपका साथी