शाम छह बजे ही गांवों में जिंदगी बचाने की जद्दोजहद

राजेंद्र माथुर हीरानगर शाम करीब छह बजते ही लोग घरों की तरफ रुख कर लेते हैं। दुक

By JagranEdited By: Publish:Thu, 24 Oct 2019 01:42 AM (IST) Updated:Thu, 24 Oct 2019 06:32 AM (IST)
शाम छह बजे ही गांवों में जिंदगी बचाने की जद्दोजहद
शाम छह बजे ही गांवों में जिंदगी बचाने की जद्दोजहद

राजेंद्र माथुर, हीरानगर

शाम करीब छह बजते ही लोग घरों की तरफ रुख कर लेते हैं। दुकानों के शटर गिरने लगते हैं। खेल-कूदने के बाद घरों में बच्चे दुबक जाते हैं। गलियां और सड़कें सूनी होने लगती हैं। बंकरों में आना शुरू हो जाता है। मवेशियों को बाड़े में बांधने के अलावा महिलाएं घर का काम जल्द निपटाने में जुटी होती हैं। अधिकांश घरों में रात के खाने की थालियां शाम को ही लग जाती हैं। यह माहौल कठुआ जिले के सीमांत हीरानगर सेक्टर के गांवों का है। यहां लगातार एक माह से पाकिस्तान रेंजर्स अंधेरा पड़ते ही गोलाबारी शुरू कर देते हैं। सीमांत क्षेत्रों के लोग पाक गोलाबारी के कारण मुश्किलें तो झेल रहे हैं, लेकिन उनके हौसले बुलंद हैं। वे कहते हैं कि कब तक पाक हम पर गोले बरसाएगा। हम सीमा के दूसरे रक्षक हैं। पाक रेंजर्स मन्यारी, पानसर, कड़ियाला आदि कई गांवों को लगातार निशाना बना रहे हैं।

अंतरराष्ट्रीय सीमा (आइबी) से सटे मन्यारी गांव की शंकुतला देवी का कहना है कि पाक गोलाबारी ऐसे ही जारी रही तो किसी दिन जानी नुकसान भी हो सकता है। कुछ दिनों में धान की कटाई का काम शुरू हो जाएगा। आए दिन हो रही गोलीबारी के कारण अन्य राज्यों से आने वाले श्रमिक सीमांत क्षेत्र में नहीं आएंगे। उन्होंने कहा कि गांव के लोग ऐसी गोलाबारी कब से झेलते आए हैं। यहां बच्चे से लेकर बुजुर्ग भी बहादुर हैं। हमारे फौजी लगातार जवाब दे रहे हैं।

लाजू राम, कुलदीप, राज मनोहर लाल ने कहा कि अगर पाकिस्तान गोलीबारी बंद नहीं करता तो फिर उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जाए, ताकि दोबारा हिम्मत न कर सके। कुछ गांवों में पाक गोलाबारी के दौरान लोग विशेषकर युवा अपने-अपने क्षेत्रों में नजर रखने लगते हैं। ताकि, आइबी पार कर कोई संदिग्ध यहां न घुस आए। मोहित और राजकुमार ने कहा कि सुरक्षा के लिए बनाए जा रहे बंकर अभी अधूरे पड़े हैं। वहीं, जो बने है उनमें भी गंदगी फैली हुई है। इस कारण इनमें रात गुजारना काफी मुश्किल है। पूरी रात जाग कर गुजारनी पड़ रही है। सुरक्षा बांध पर बौखलाए रेंजर्स

आइबी पर इस समय सुरक्षा बांध बनाने का काम चल रहा है। शाम को जब मशीनें चलती है तो रेंजर रोकने के लिए गोलीबारी शुरू कर देते हैं। हालांकि बीएसएफ और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को रात को बाहर नहीं निकलने की हिदायत दे रखी है।

गांवों में भारी गोलाबारी

बुधवार रात को भी पाक रेंजरों ने हीरानगर सेक्टर के मन्यारी, पानसर, कड़ियाला सहित कई गांवों में भारी गोलाबारी की। कई घरों को नुकसान पहुंचा है। सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। देर रात तक दोनों तरफ से गोलाबारी जारी रही। बीएसएफ जवान गोलाबारी का जवाब देने के अलावा सीमा से सटे गांवों में नजर रखे हुए हैं। पाक गोलाबारी की आड़ में आतंकियों की घुसपैठ कराने के प्रयास कर रहा है।

chat bot
आपका साथी