पहाड़ो पर बर्फबारी और मैदानों में बारिश से बढ़ी ठंड

जागरण टीम कठुआ/बनी जिले में दो दिनों से आसमान में छायी हलकी बदली के बाद शनिवार को म

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Jan 2021 05:05 AM (IST) Updated:Sun, 24 Jan 2021 05:05 AM (IST)
पहाड़ो पर बर्फबारी और मैदानों में बारिश से बढ़ी ठंड
पहाड़ो पर बर्फबारी और मैदानों में बारिश से बढ़ी ठंड

जागरण टीम, कठुआ/बनी: जिले में दो दिनों से आसमान में छायी हलकी बदली के बाद शनिवार को मौसम फिर बदल गया। दोपहर को क्षेत्र में झमाझम बारिश शुरू हो गई जो देर शाम तक रुक रुक कर होती रही। बारिश के बाद एक बार फिर पूरा क्षेत्र ठंड की चपेट में आ गया है।

पहाड़ी क्षेत्र बनी में दोपहर को रिमझिम बारिश के साथ बर्फबारी भी हुई। इसके कारण तापमान में भारी गिरावट महसूस की गई। क्षेत्र के अधिकांश गांवों में बर्फबारी होने लगी। इनमें डंडी, सरथल, ढग्गर, कोटी जोड़े माता आदि स्थानों पर 6 इंच से 1 फुट तक बर्फबारी हुई। बारिश के कारण सुबह 11 बजे के बाद बिजली सप्लाई पूरे क्षेत्र में गुल हुई जो देर शाम तक बहाल नहीं हो पाई थी। बनी- बसोहली सड़क मार्ग यातायात के लिए अभी खुला है, लेकिन मार्ग बनी- ढग्गर बर्फबारी के कारण बंद हो गया है। कस्बे में भी रौनक बहुत कम देखी गई। दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर आग जलाकर सहारा लिया। बनी कस्बे और इसके निकटतम गांव को छोड़कर अधिकांश गांव में भारी बर्फबारी जारी है।

उधर, मैदानी क्षेत्रों में हो रही बारिश के बीच पहाड़ी क्षेत्र बर्फबारी से लोग ठंड से कांप गए। हालांकि मौसम विभाग ने रविवार को भी बारिश होने की संभावना जताई है। ऐसे में अब अगले कुछ दिनों तक लोगों को भारी ठंड का सामना करना पड़ सकता है। गत शुक्रवार से ही आसमान पर छाए हल्के बादलों से मौसम में बदलाव की संभावना बनी थी जो दोपहर को बारिश लेकर आ गई। बारिश के बाद शहर के बाजार और सड़कें सुनसान हो गई। लोग ठंड से बचने के लिए दिन ढलते ही अपने घरों में दुबक गए।

बहरहाल, पहाड़ी क्षेत्र में बनी में एक बार फिर ताजा बर्फबारी शुरू हो जाने के बाद पहाड़ बर्फ की सफेद चादर से ढक गए। अगर एक-दो दिन में मौसम में कोई सुधार नहीं होता है तो पहाड़ी क्षेत्र के लोगों की मुश्किलें भी बढ़ सकती हैं। इसमें पहाड़ी इलाके मार्गों पर भी यातायात प्रभावित भी हो सकता है। हालांकि अभी पहले दिन शुरू हुई बारिश से किसी भी मार्ग के प्रभावित होने की सूचना नहीं है, लेकिन अगर एक-दो दिन में ऐसा ही मौसम रहा तो लोगों की मुश्किलें बढ़ेंगी। अब शुरू हुई बारिश से सामान्य जनजीवन पर भी असर पड़ेगा।

इधर, बारिश से ठंड में एकदम इजाफा होने से लोग अपना बचाव करने के लिए या तो घरों में दुबक रहे हैं या फिर घरों से बाहर जरूरी काम के लिए निकले। लोग जगह-जगह आग जलाकर राहत पाने का प्रयास करते दिखाई दिए। बारिश के जारी रहने से अगले 2 दिन में होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह से पहले जारी तैयारियां भी प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि, अभी तक प्रशासन के तैयारियों में रविवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही फुल ड्रेस रिहर्सल होगी और उसके बाद अगले कार्यक्रम भी जारी रहेंगे। बारिश के चलते सड़कों पर यातायात भी कम रही। बहरहाल, लोग बारिश के साथ ठंड के बढ़ने के कारण उससे बचने के लिए शाम ढलते ही ज्यादातर अपने घरों में ही दुबकना पसंद कर रहे हैं। कोट्स---

जिले में शनिवार को 9 एमएम बारिश हुई। इसके कारण अधिकतम तापमान 15.3 और न्यूनतम 9.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। अभी रविवार और सोमवार यानी 24 व 25 जनवरी को भी बारिश की संभावना है। हल्की से मध्यम वर्षा के साथ अगले चार दिनों के दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान अधिकतम तापमान 14 से 20 और न्यूनतम तापमान 4 से 7 डिग्री सेल्सियस तक हो सकता है।

- डा. विशाल महाजन, प्रमुख वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र, कठुआ।

chat bot
आपका साथी