राम मंदिर के निर्माण के लिए निकाली जागरूकता रैली

संवाद सहयोगी कठुआ/हीरानगर जिलेभर में श्री राम मंदिर निर्माण निधि अभियान के तहत जनजागरण के लिए

By JagranEdited By: Publish:Thu, 14 Jan 2021 04:48 AM (IST) Updated:Thu, 14 Jan 2021 04:48 AM (IST)
राम मंदिर के निर्माण के लिए निकाली जागरूकता रैली
राम मंदिर के निर्माण के लिए निकाली जागरूकता रैली

संवाद सहयोगी, कठुआ/हीरानगर: जिलेभर में श्री राम मंदिर निर्माण निधि अभियान के तहत जनजागरण के लिए स्वयं सेवक संघ के सदस्यों ने रैली निकाली। इस दौरान भारत माता की जय व जय श्रीराम के जयघोष से माहौल भक्तिमय हो गया।

बुधवार को प्रदेश के मुख्य प्रवेश द्वार लखनपुर में खंड प्रमुख सुरजीत, गंधर्व सिंह, खंड शारीरिक प्रमुख राम सिंह और खंड बौद्धिक प्रमुख रमेश की अगुआई में रैली लखनपुर से प्रारंभ होकर करड़ोह, माहपाटी, जंडोर सहित आसपास के गाव से होते हुए वापस लखनपुर पहुंचकर संपन्न हुई। इस अवसर पर राम सिंह ने कहा कि अयोध्या में भगवान राम की जन्मभूमि पर बनने वाले मंदिर के लिए आगामी 14 जनवरी से 27 फरवरी तक देशभर में निधि समर्पण महाभियान चलाया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर में यह महाभियान 16 फरवरी तक चलाया जाएगा। इस दौरान जिला, मंडल और खंड स्तर पर टीमें घर-घर जाएगी और लोगों को भगवान श्रीराम मंदिर के निर्माण में सहयोग करने के लिए प्रेरित करेंगी। इस संबंध में श्री राम जन्मभूमि ट्रस्ट की ओर से कम से कम 10 रुपये के कूपन प्राप्त हुए हैं, जो राम भक्त इस राशि से अधिक का सहयोग करना चाहते हैं, उनके लिए रसीद की व्यवस्था की गई है।

जन जागरण रैली के दौरान सैकड़ों बाइक सवार राम भक्त शामिल हुए जो रैली में जय श्री राम के जयघोष लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।

उधर, हीरानगर के सुबह साझी मोड़ से शुरू जन जागरूकता रैली शाम को मढीन पहुंचकर संपन्न हुई। इस मौके पर अभियान में शामिल गगन सिंह ने बताया कि अयोध्या में श्रीराम लला का भव्य मंदिर बनने जा रहा है। बहुत सारे राम भक्तों की इच्छा है कि उनका उस मंदिर निर्माण में योगदान हो सके। इसके लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और उनके विचार संगठनों की अगुआई में पूरे देश भर निधि समर्पण अभियान चलाया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी