हटली मोड़ पुलिस चौकी की इमारत पर फहरा रहा फटा तिरंगा

जागरण संवाददाता कठुआ अक्सर कई कार्यक्रमों में पुलिस तिरंगे के सम्मान के लिए अपनी प्रतिबद्धता

By JagranEdited By: Publish:Fri, 12 Nov 2021 04:49 AM (IST) Updated:Fri, 12 Nov 2021 04:49 AM (IST)
हटली मोड़ पुलिस चौकी की इमारत पर फहरा रहा फटा तिरंगा
हटली मोड़ पुलिस चौकी की इमारत पर फहरा रहा फटा तिरंगा

जागरण संवाददाता, कठुआ: अक्सर कई कार्यक्रमों में पुलिस तिरंगे के सम्मान के लिए अपनी प्रतिबद्धता को दोहराती दिखती है। इसकी आन बान और शान को बनाए रखने के लिए मर मिटने को भी तैयार रहती है, लेकिन कुछ स्थानों पर पुलिस खुद ही तिरंगे के सम्मान के लिए गंभीर नहीं दिख रही। खासकर ऐसे सार्वजनिक स्थान पर, जहां से देश विदेश के कई राज्यों के लोगों के गुजरते समय नजर पड़ती है।

तिरंगे के सम्मान के प्रति अनदेखी का उदाहरण इन दिनों जिला मुख्यालय पर हाईवे से सटी हटली मोड़ पुलिस चौकी की इमारत के ऊपर फहराते फटे तिरंगे से मिल रहा है। मामला और भी गंभीर हो जाता है, जब पुलिस की इमारत में ऐसा फटा हुआ तिरंगा लहरा रहा हो, जिसके जवान इस तिरंगे की आन बान और शान के लिए अपना सब कुछ न्योछावर करने के लिए तैयार रहते हैं। हालांकि, इस तरह की लापरवाही पर खुद पुलिस के अधिकारियों को संज्ञान लेना चाहिए, जिसकी पहचान ही सतर्कता और चारों ओर नजर घुमाकर ड्यूटी देना होता है, लेकिन पुलिस नहीं, मीडिया की नजरें पड़ रही हैं। जैसे ही मीडिया की तिरंगे के सम्मान के प्रति सार्वजनिक प्वाइंट पर हो रही अनदेखी दिखी तो राष्ट्रीय सम्मान के प्रति अपना दायित्व निभाते हुए उसे कैमरे में कैद किया। हालांकि, इस मामले में पुलिस की अनदेखी या सम्मान के प्रति जानबूझ कर लापरवाही नहीं है, सिर्फ ड्यूटी के दौरान ज्यादा व्यस्ता के कारण उस ओर ध्यान नहीं जाना भी कहा जा सकता है। ध्यान आने के बाद पुलिस ने तुरंत उसे बदलने की बात भी कही है और ये भी कहना है कि इसमें गलती किसी से भी हो सकती है, उसे सुधारने के लिए भी तो कहा जा सकता है।

अब सवाल यह है कि पुलिस को ऐसे मामले में सतर्क होकर रहने की जरूरत है, क्योंकि मामला देश की आन बान ओर शान से जुड़ा है तो फिर उसका अनादर कैसे हो यानि पूरी सावधानी से अपनी ड्यूटी पर रहना चाहिए, खुद पुलिस का कहना है कि सावधानी हटी, दुर्घटना घटी। उस नजरिए से पुलिस को कम से कम तिरंगे के सम्मान के प्रति गंभीर होना होगा।

हालांकि, एसएसपी आर सी कोतवाल ने दावा किया कि फटे तिरंगे को पहले से ही बदल दिया गया है।

chat bot
आपका साथी