सफाई कर्मियों को नियमित किए जाने की मांग को लेकर दिया धरना
संवाद सहयोगी कठुआ डेढ़ दशक से नगर परिषद कठुआ में अस्थाई रूप से सेवाएं दे रहे सफाइ
संवाद सहयोगी, कठुआ : डेढ़ दशक से नगर परिषद कठुआ में अस्थाई रूप से सेवाएं दे रहे सफाई कर्मियों को नियमित किए जाने की मांग को लेकर सफाई कर्मचारी यूनियन ने मोर्चा खोल दिया है। पांच दिवसीय धरने की शुरुआत करते हुए उन्होंने नगर परिषद कार्यालय में जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने सरकार को अल्टीमेटम देते हुए जल्द समाधान करने की अपील की।
बुधवार को नगर परिषद में सफाई कर्मचारियों ने अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के बैनर तले धरना देकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। नगर परिषद के सफाई कर्मचारी के प्रधान सोम राज ने कहा कि पिछले दिनों भी उन्होंने तीन दिवसीय धरना दिया था, लेकिन उनकी मांगों पर गौर नहीं किया गया। जिस कारण उनको मजबूरन एक बार फिर पांच दिवसीय धरना प्रदर्शन करने पर विवश होना पड़ा है। उन्होंने कहा कि कैजुअल सफाई कर्मी 15 वर्ष से निरंतर सेवाएं दे रहे हैं। अन्य विभागों में पक्का करने को लेकर आवेदन मांगे गए हैं। लेकिन सफाई कर्मियों के लिए कुछ भी नहीं किया गया है। ऐसे में उन्हें धरना प्रदर्शन को मजबूर होना पड़ रहा है।
यूनियन के प्रधान ने बताया कि पिछले बार छह दिन की हड़ताल की गई तो निदेशक ने छह दिन में नियमित करने का भरोसा दिलाया था। कोरोना महामारी के चलते देशसेवा में उन्होंने हड़ताल को वापस ले लिया था। आज तक कुछ भी नहीं हुआ। उनकी मांग है कि कच्चे कर्मचारियों को नियमित किया जाए, नई भर्ती न निकाली जाए। इससे अस्थाई कर्मियों को उनका हक नहीं मिल पाएगा। अवधि पूरी हो चुकी है लिहाजा कठुआ में रिक्त 52 पदों पर उन्हें नियमित किया जाए।