यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन
राज्य ब्यूरो जम्मू पेट्रोल-डीजल के दाम में कोई कमी नहीं होने और महंगाई पर लगाम नहीं
राज्य ब्यूरो, जम्मू: पेट्रोल-डीजल के दाम में कोई कमी नहीं होने और महंगाई पर लगाम नहीं लगने पर प्रदेश यूथ कांग्रेस ने सोमवार को प्रेस क्लब के बाहर भाजपा और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने प्रेस क्लब से बाहर आकर तवी पुल की तरफ से बढ़ने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्कामुक्की भी हुई।
यूथ कांग्रेस के प्रदेश प्रधान उदय चिब ने कहा कि इस समय पूरा देश कोरोना वायरस से जूझ रहा है। ऐसे में पेट्रोल और डीजल के दाम में निरंतर बढ़ोतरी की जा रही है। आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि हो रही है। पार्टी ने इस मुद्दे पर पिछले दिनों एक सप्ताह का देशव्यापी अभियान चलाया था। इसके बावजूद केंद्र सरकार ने दाम नहीं कम किए। ऐसे में यूथ कांग्रेस ने इस मुद्दे को फिर से जनता के बीच ले जाने का फैसला किया है।
चिब ने कहा कि इस समय अंतर्राष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें बहुत कम है। जब मनमोहन सरकार सत्ता में थी तो उस समय तेल का मूल्य 130 यूएस डालर प्रति बैरल था। उस समय पेट्रोल का मूल्य 77 रूपये प्रति लीटर था। अब कच्चे तेल की कीमत 40 यूएस डालर प्रति बैरल है। पेट्रोल का मूल्य तो 80 रूपये प्रति लीटर से अधिक पहुंच गया है। विडम्बना यह है कि डीजल के दाम में भी भारी बढ़ोतरी हो रही है। डीजल का मूल्य पेट्रोल के बराबर पहुंच गया है। प्रदर्शन में एजाज चौधरी, रिक्की दलोत्रा, साहिल सिंह लंगेह, निमरनदीप सिंह, रंजीत चोपड़ा, अभिजोत सिंह, विशाल चोपड़ा, रंजोत सिंह, अश्वनी चौधरी, अंकुश रैना आदि शामिल थे।