Gulam Nabi Azad in Jammu : कश्मीर में टारगेट किलिंग के सवाल पर क्यों कन्नी काट गए गुलाम नबी आजाद

गुलाम नबी आजाद शुक्रवार को गांव ब्रिज नगर में स्व. दिवंगत कांग्रेस नेता दर्शन रैना के घर जाकर उनके परिवार वालों से मुलाकात की। इस दौरान पत्रकारों ने उनसे कश्मीर में टारगेट किलिंग को लेकर सवाल किया तो उन्होंने स्पष्ट कह दिया कि वह इस पर कुछ नहीं बोलेंगे।

By Lokesh Chandra MishraEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 08:17 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 08:17 PM (IST)
Gulam Nabi Azad in Jammu : कश्मीर में टारगेट किलिंग के सवाल पर क्यों कन्नी काट गए गुलाम नबी आजाद
लोगों में चर्चा यह होने लगी गुलाम नबी आजाद टारगेट किलिंग पर कन्नी क्यों काट गए?

संवाद सहयोगी, मीरां साहिब : जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद शुक्रवार को गांव ब्रिज नगर में स्व. दिवंगत कांग्रेस नेता दर्शन रैना के घर जाकर उनके परिवार वालों से मुलाकात की और वहीं पर स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान पत्रकारों ने उनसे कश्मीर में हो रही टारगेट किलिंग को लेकर सवाल किया तो उन्होंने स्पष्ट कह दिया कि वह इस पर कुछ नहीं बोलेंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता का यह जवाब आश्चर्यजनक था। लोगों में चर्चा यह होने लगी इस मुद्दे पर आजाद कन्नी क्यों काट गए? यहां आजाद का कार्यक्रम युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव अंकुश रैना की देखरेख में किया गया था।

अंकुश रैना ने गुलाम नबी आजाद के समक्ष आरएसपुरा और सुचेतगढ़ के लोगों की समस्या को रखते हुए कहा कि क्षेत्र के लोग आज भी कई तरह की समस्याओं से जूझ रहे हैं। चाहे खेती के लिए पानी की समस्या हो या बिजली की समस्या। आज भी वे मूलभूत सुविधाओं की कमी से परेशान हैं। इनकी समस्याओं का हल होना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद ने लोगों से जाना कि सीमावर्ती क्षेत्र में आजकल कैसा माहौल है। लोगों ने उन्हें बताया कि दो साल से सीमा पर शांति बनी हुई है, मगर पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के माध्यम से शांति भंग की जा रही है। इसका संज्ञान लिया जाना चाहिए।

लोगों ने उन्हें बताया कि पाकिस्तान नहीं चाहता कि सीमा पर शांति बनी रहे, इसलिए अब ड्रोन का सहारा लेकर शांति भंग करने की कोशिश में लगा हुआ है। पाकिस्तान का पक्का इलाज होना चाहिए। लोगों ने उन्हें बताया कि बेशक सीमा पर शांति है, मगर जब भी वह अपने खेतों में काम करने के लिए जाते हैं तो उन्हें डर लगा रहता है कि कहीं सीमा पार से गोलीबारी न शुरू हो जाए। पाकिस्तान पर कोई भरोसा नहीं कर सकता है। डर के साए में लोग रहने को मजबूर हैं। उन्होंने लोगों को पूरा भरोसा दिलाया कि जो भी उनकी समस्याएं हैं, उनका हल किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व मंत्री डॉ. मनोहर लाल शर्मा, खुशवंत सिंह, पूर्व सरपंच बचन चौधरी, बूटी राम, नीशू शर्मा, रिशु शर्मा, केवल शर्मा, कमल कुमार शर्मा, रमेश चंद्र, नरेश कुमार, डॉ. बिट्टू शर्मा आदि सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी