Jammu Kashmri: कश्मीर में भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाएंगे वरिष्ठ नेताओं के दौरे

भाजपा नेताओं पर आतंकी हमले होने के कारण प्रदेश भाजपा ने पार्टी हाईकमान और उपराज्यपाल के सामने घाटी में कार्यकर्ताओं की सुरक्षा को पुख्ता बनाने का मुद्दा उठाया है। अब पंद्रह अप्रैल के बाद प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना व संगठन महामंत्री अशोक कौल कश्मीर में पार्टी नेताओं के बीच जाएंगे।

By Lokesh Chandra MishraEdited By: Publish:Fri, 02 Apr 2021 08:35 PM (IST) Updated:Fri, 02 Apr 2021 08:35 PM (IST)
Jammu Kashmri: कश्मीर में भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाएंगे वरिष्ठ नेताओं के दौरे
कश्मीर इकाई के नेताओं ने उनकी सुरक्षा को यकीनी बनाने का मुद्दा वीरवार को प्रदेश प्रभारी तरुण चुग से उठाया।

जम्मू, राज्य ब्यूरो : कश्मीर में भाजपा कार्यकर्ताओं पर आतंकी हमलों में तेजी से उपजे हालात के बीच प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता अप्रैल माह के दूसरे पखवाड़े में दौरे कर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाएंगे। कश्मीर में चार दिनों में भाजपा नेताओं पर दो आतंकी हमले होने के कारण प्रदेश भाजपा ने पार्टी हाईकमान और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के सामने घाटी में कार्यकर्ताओं की सुरक्षा को पुख्ता बनाने का मुद्दा उठाया है। अब पंद्रह अप्रैल के बाद प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना व संगठन महामंत्री अशोक कौल कश्मीर में पार्टी नेताओं के बीच जाएंगे।

कश्मीर इकाई के नेताओं ने उनकी सुरक्षा को यकीनी बनाने का मुद्दा वीरवार को जम्मू कश्मीर प्रभारी तरुण चुग से उठाया। कश्मीर के मीडिया प्रभारी अल्ताफ ठाकुर का कहना है कि हमने इस मुद्दे पर प्रदेश भाजपा के साथ पार्टी हाईकमान से भी बात की है। उन्होंने विश्वास दिलाया है कि कश्मीर में पार्टी कार्यकर्ता की सुरक्षा को पुख्ता बनाने के लिए हर संभव कार्रवाई की जाएगी। इसी बीच जम्मू संभाग में अप्रैल महीने के पहले पखवाड़े में शक्ति केंद्र प्रमुख सम्मेलन संपन्न होने के बाद रविन्द्र रैना कश्मीर दौरे के दौरान क्षेत्र के सुरक्षा हालात को लेकर पार्टी नेताओं से बैठकें करेंगे। इस दौरान वहां पर शक्ति केंद्र प्रमुख सम्मेलनों का आयोजन कर बूथ स्तर तक पार्टी कार्यकर्ताओं का हौंसला भी बढ़ाया जाएगा।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना ने कहा कि पार्टी कश्मीर के कार्यकर्ताओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर है। उनका कहना है कि कश्मीर में हालात बेहतरी से हताश आतंकवादी भाजपा कार्यकर्ताओं को डरा नहीं सकते हैं। कश्मीर में कार्यकर्ताओं की सुरक्षा के मुद्दे पर जम्मू में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से भी बात की गई है। सुरक्षा का मुद्दा हाई कमान से भी उठाया गया है। कश्मीर में हमले कर रहे आतंकवादियों को बख्शा नहीं जाएगा। जम्मू कश्मीर के केंद्र शासित प्रदेश बनने से आतंकवादियों का हौसला परस्त हुआ है। ऐसे में वर्ष 2020 से कश्मीर में राजनीतिक सरगर्मियों में तेजी आने के बाद उन्होंने एक दर्जन के करीब भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया है।

जुलाई 2020 में भाजपा नेता वसीम बारी, उनके पिता व भाई की हत्या के बाद बडगाम में भाजपा नेता अब्दुल हमीद नजार भी आतंकी हमले में शहीद हुए थे। सरपंच सज्जाद अहमद खांडे, ब्लाक विकास परिषद के चेयरमैन भूपेंद्र सिंह व भाजपा कार्यकर्ता फिदा हुसैन यत्तु,उमर रशीद बेग और उमर रमजान हज्जाम भी आतंकवादी हमले में शहीद हुए थे। अब भाजपा के दो काउंसिलरों की हत्या के बाद भाजपा नेता के घर पर हमला हुआ है।

chat bot
आपका साथी