वेद राही को कुंवर वियोगी साहित्य कला सम्मान

प्रतिष्ठित लेखक एवं प्रसिद्ध निर्माता निर्देशक वेद राही को इस वर्ष के प्रतिष्ठित कुंवर वियोगी साहित्य कला सम्मान से सम्मानित किया गया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 23 Sep 2020 08:22 AM (IST) Updated:Wed, 23 Sep 2020 08:22 AM (IST)
वेद राही को कुंवर वियोगी साहित्य कला सम्मान
वेद राही को कुंवर वियोगी साहित्य कला सम्मान

जागरण संवाददाता, जम्मू :

प्रतिष्ठित लेखक एवं प्रसिद्ध निर्माता, निर्देशक वेद राही को इस वर्ष के प्रतिष्ठित कुंवर वियोगी साहित्य कला सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान डोगरी संस्था जम्मू और कुंवर वियोगी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा ऑनलाइन समारोह में दिया गया। साहित्य अकादमी, नई दिल्ली के सचिव डॉ. श्रीनिवास राव समारोह में मुख्य अतिथि थे। यह सम्मान साहित्य, कला और संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया जाता है। इस वार्षिक सम्मान में प्रशस्ति पत्र, शॉल, स्मृति चिह्न और 51 हजार का नकद पुरस्कार शामिल है। इस सम्मान को कुंवर वियोगी मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा डोगरी संस्था के सहयोग से पिछले साल स्थापित किया गया है।

वेद राही का जन्म जम्मू में हुआ और इन दिनों वे मुंबई में रहते हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लेखक हैं। जो डोगरी, हिदी और उर्दू भाषाओं में लिखते हैं। उन्होंने उपन्यास, लघु-कहानियां, कविता, नाटक और निबंध लेखन में उम्दा काम किया है। इनमें से अधिकांश पुस्तकों के लिए वेद राही राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हो चुके हैं।

उन्हें लघु कहानी संग्रह 'आले' के लिए 1983 में साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। फिल्मों और टेलीविजन में उनका योगदान समान रूप से महत्वपूर्ण है। उनका टेली सीरियल 'गुल-गुलशन-गुलफाम' राष्ट्रीय टेलीविजन के इतिहास में एक मील का पत्थर है।

डॉ. श्रीनिवास राव ने राही के साहित्यिक कार्यो की सराहना की। स्वागत भाषण में डोगरी संस्था के अध्यक्ष प्रो. ललित मगोत्रा ने राही द्वारा डोगरी साहित्य में उनके उत्कृष्ट योगदान की बात की। कार्यक्रम की शुरुआत में वंशिका, सारिका ने सरस्वती वंदना की प्रस्तुत की। संचालन विजया ठाकुर ने किया। पिछले वर्ष यह सम्मान डोगरी के महान लेखक साहित्य अकादमी पुरस्कारों से सम्मानित छत्रपाल को मरणोपरांत दिया गया था।

chat bot
आपका साथी