Jammu: सरकार को दिया अल्टीमेटम खत्म, शनिवार को हड़ताल पर रहेंगे शहर के सफाई कर्मचारी

सिविक सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान रिंकू गिल का कहना है कि निगम प्रशासन वर्षों से लालीपॉप देने की नीति अपना रहा है। अब पानी सिर से ऊपर होने लगा है। कोरोना महामारी के चलते हमने निगम प्रशासन को काफी समय दिया।

By Rahul SharmaEdited By: Publish:Fri, 30 Jul 2021 11:04 AM (IST) Updated:Fri, 30 Jul 2021 11:04 AM (IST)
Jammu: सरकार को दिया अल्टीमेटम खत्म, शनिवार को हड़ताल पर रहेंगे शहर के सफाई कर्मचारी
निगम प्रशासन को नींद से जगाने की जरूरत लग रही है। हमने कई ज्ञापन निगम प्रशासन को सौंपे हैं।

जम्मू, जागरण संवाददाता: नगर निगम के सफाई कर्मचारी शनिवार को हड़ताल पर जा रहे हैं। मांगें नहीं माने जाने अौर 72 घंटे के अल्टीमेटम के बाद इन कर्मचारियों ने यह फैसला लिया है। इसके बाद भी अगर निगम प्रशासन नहीं चेता तो फिर अगस्त में अनिश्चितकालीन हड़ताल भी की जा सकती है।

सिविक सफाई कर्मचारी यूनियन के बैनर तले शनिवार को निगम के सभी सफाई कर्मचारियों के अलावा ड्राइवर भी हड़ताल पर जाने की तैयारी में हैं। साफ है कि शनिवार को शहर में कहीं से भी कोई कचरा नहीं उठेगा और गंदगी के ढेर लगे रहेंगे। मुश्किल और भी बढ़ने वाली है क्योंकि उसके बाद रविवार की छुट्टी आ रही है। लिहाजा अगले दो दिनों तक जम्मू शहर में गंदगी के ढेर नजर आने वाले हैं। हालांकि शनिवार को शांतिपूवर्क हड़ताल रखने का फैसला लिया गया है। टाउन हाल में जमा होकर सभी सफाई कर्मचारी नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करेंगे।

सिविक सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान रिंकू गिल का कहना है कि निगम प्रशासन वर्षों से लालीपॉप देने की नीति अपना रहा है। अब पानी सिर से ऊपर होने लगा है। कोरोना महामारी के चलते हमने निगम प्रशासन को काफी समय दिया। हम नहीं चाहते थे कि काेरोना फैले और लोगों को परेशानी हो। अब हालात बदले हैं। निगम प्रशासन को नींद से जगाने की जरूरत लग रही है। हमने कई ज्ञापन निगम प्रशासन को सौंपे हैं।

आश्वासन तो हर बार मिलते हैं। अब फैसला होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के चलते दो सालों से लटकती 600 कैजुअल कर्मियों की भर्ती प्रक्रिया अभी तक अधूरी है। पहले ज्वाइंट कमिश्नर के तबादले की बात कही जाती रही। अब पद भर दिया गया है। फिर भी कुछ नहीं हुआ। 61 कंट्रेक्चुअल व कैजुअल कर्मियों को स्थायी करने की मांग भी पूरी नहीं हुई है। हम सात साल पूरे कर चुके कर्मचारियों को पक्का करने के लिए भी प्रशासन पर दबाव बना रहे हैं। उन्हाेंने कहा कि शुक्रवार शाम तक अगर मांगे मान ली जाती हैं तो अच्छा है नहीं तो शनिवार को हड़ताल होगी।

यूनियन की प्रमुख मांगे -बिना देरी 600 कैजुअल कर्मियों की भर्ती की जाए। -निगम में पहले से काम कर रहे जायज लोगों को ही मिले मौका। -61 कंट्रेक्चुअल व कैजुअल कर्मियों को स्थायी किया जाए। -सात साल पूरा करने वाले 600 सफाई कर्मचारियों को डेलीवेजर बनाया जाए। -सेनेटरी इंस्पेक्टर का डिप्लोमा करने वालों को प्रभार सौंपा जाए। -देश के अन्य यूटी की तर्ज पर सफाई कर्मचारियों को वेतन दिया जाए। -अढ़ाई दिन का वेतन जारी किया जाए।  

chat bot
आपका साथी