Sinthan Pass में बर्फबारी में फंसे दो लोगों की मौत और दो को सुरक्षित निकाला

दक्षिण कश्मीर में हुई हिमपात ने एक बार फिर कहर ढाया है। सिंथन पास में हुई भारी बर्फबारी के कारण दो लोगों की मौत हो गई है जबकि वहां से दो अन्य लोगों को बड़ी मुश्किल से बचा लिया गया है। सिंथन पास में शनिवार से बर्फबारी हो रही थी।

By Lokesh Chandra MishraEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 05:36 PM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 05:36 PM (IST)
Sinthan Pass में बर्फबारी में फंसे दो लोगों की मौत और दो को सुरक्षित निकाला
बचाव कार्य के लिए प्रशासन, सेना और पुलिस की टीम को करीब तीस किलोमीटर का रास्ता तय करना पड़ा है।

जम्मू, राज्य ब्यूरो : कश्मीर में हुई भारी हिमपात से नुकसान बढ़ता ही जा रहा है। दक्षिण कश्मीर में हुई हिमपात ने एक बार फिर कहर ढाया है। सिंथन पास में हुई भारी बर्फबारी के कारण दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि वहां से दो अन्य लोगों को बड़ी मुश्किल से बचा लिया गया है। सिंथन पास में शनिवार से ही बर्फबारी हो रही थी। रविवार तड़के पांच बजे के करीब क्षेत्र में चार लोगों के फंसने की खबर मिली तो अनतंनाग जिला प्रशासन, सेना और पुलिस की एक टीम संथन पास में पहुंची। टीम में एसडीएम और एसडीपीओ कोकरनाग भी शामिल थे।

बचाव कार्य शुरू होने से पहले वहां पर एक व्यक्ति मृत मिला, जबकि एक अन्य ने बर्फ से निकाल लाते समय दम तोड़ दिया। दो अन्य को सुरक्षित निकाल लिया गया। लेकिन प्रशासन का कहना है कि दोनों हाइपोथरमिया के शिकार हैं। दोनों का इलाज किया जा रहा है। सब डिवीजनल मजिस्ट्रेट कोकरनाग शरीब सहारन ने इस पूरी घटना की पुष्टि की है। वहीं तहसील प्रशासन का कहना है कि इस बचाव कार्य के लिए प्रशासन, सेना और पुलिस की टीम को करीब तीस किलोमीटर का रास्ता तय करना पड़ा है। पूरे रास्ते में बर्फ पड़ी थी और धुंध थी। उपकरणों की सहायता से पहुंचे।

उन्होंने यह भी बताया कि यहां आठ किलोमीटर का रास्ता बर्फीली हवाओं में पैदल ही तय करना पड़ा। इसके बाद ही मृतकों और घायलों को वापस लाया जा सका। गत दिवस भी दक्षिण कश्मीर के त्राल में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई थी। ज्ञात रहे कि बेमौसम बारिश और बर्फबारी ने पूरे जम्मू-कश्मीर में भारी तबाही मचाई है। कई जगहों पर दर्जनों लोगों के घर गिर गए। धान, सेब, मक्की और सब्जियों की फसल तबाह हो गई। दर्जनों बिजली के खंभे और ढांचे ध्वस्त हो गए। समय से पहले पत्नीटॉप, नत्थाटाप और वैष्णो देवी के त्रिकुटा पर्वत पर भी हिमपात हो गया। प्रशासन प्रदेश में अभी नुकसान का आकलन कर रहा है।

chat bot
आपका साथी