BJP का आधार पक्का करने को बूथ पर जोर लगाएंगे विस्तारक, हर बूथ पर सौ लोगों को साथ जोड़ेंगे

बूथ स्तर पर पार्टी को सशक्त बनाने के लिए लोगों को भाजपा व केंद्र सरकार द्वारा उनके कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया जाए। विस्तारक पार्टी व लोगों के बीच पुल की भूमिका निभा कर उनका विश्वास जीतें।

By Lokesh Chandra MishraEdited By: Publish:Fri, 03 Dec 2021 08:15 PM (IST) Updated:Fri, 03 Dec 2021 08:15 PM (IST)
BJP का आधार पक्का करने को बूथ पर जोर लगाएंगे विस्तारक, हर बूथ पर सौ लोगों को साथ जोड़ेंगे
लोगों को गुमराह करने वाले राजनीतिक दलों की असलियत भी उजागर की जाए।

जम्मू, राज्य ब्यूरो : विधानसभा चुनाव की तैयारियों को तेजी दे रही भाजपा के विस्तारक समर्पण भाव से पार्टी के लिए काम करते हुए हर बूथ पर सौ लोगों को साथ जोड़ेंगे। जम्मू संभाग के साथ कश्मीर में भी विस्तारक केंद्र सरकार की उपलब्धियों को लेकर लोगों के बीच जाकर काम करेंगे। पार्टी ने विस्तारकों को निर्देश दिए हैं कि परिसमीन आयोग की रिपोर्ट आने के साथ ही प्रदेश में विधानसभा चुनाव की घोषणा हो जाएगी। ऐसे में लोगों के बीच अभियान को तेज कर दिया जाए।

बूथ स्तर पर पार्टी को सशक्त बनाने के लिए लोगों को भाजपा व केंद्र सरकार द्वारा उनके कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया जाए। विस्तारक पार्टी व लोगों के बीच पुल की भूमिका निभा कर उनका विश्वास जीतें। इसके साथ लोगों को गुमराह करने वाले राजनीतिक दलों की असलियत भी उजागर की जाए। जम्मू के त्रिकुटानगर स्थित पार्टी मुख्यालय में शुक्रवार दोपहर को हुई विस्तारकों की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना व संगठन महामंत्री अशोक कौल ने विस्तारकों द्वारा चलाए जा रहे जनजागरण अभियान के बारे में जानकारी ली।

बैठक में निर्देश दिए गए कि विस्तारक जमीन सतह पर भाजपा के मंडल प्रधानों व शक्ति केंद्र प्रमुखों से समन्वय बनाकर काम करने के साथ नियमित तौर पर अपनी गतिविधियों की रिपोर्ट भी पार्टी को दे। इस दौरान तय हुआ कि दिसंबर महीने में बूथ स्तर तक पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों को तेजी देने के लिए प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना व संगठन महामंत्री अशोक कौल जम्मू के साथ कश्मीर संभाग के दौरे भी करेंगे।

पार्टी गतिविधियों को तेजी देने के लिए शुक्रवार को हुई विस्तारकों की इस बैठक में जम्मू संभाग से जम्मू-पुंछ संसदीय क्षेत्र की जम्मू पूर्व, जम्मू पश्चिम, जम्मू ग्रामीण, अखनूर, आरएसपुरा व सांबा जिला इकाई के विस्तारकों ने हिस्सा लिया। बैठक में मौजूद भाजपा की विस्तारक योजना के प्रभारी पवन शर्मा ने जमीनी सतह पर जारी विस्तारकों की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विस्तारक अपनी जिम्मेवारी पूरी गंभीरता के साथ निभा रहे हैं। आने वाले समय में उनकी गतिविधियां और तेज हो जाएंगी। पवन शर्मा ने आने वाले दिनों में भाजपा के विस्तारकों द्वारा जमीनी सतह पर किए जाने वाले कार्यों के बारे में भी बताया।

प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना ने जागरण को बताया कि पार्टी की चुनावी तैयारियों को तेजी देने में भाजपा के विस्तारक अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने बताया कि इस समय जम्मू के साथ कश्मीर संभाग में भी भाजपा के विस्तारक काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि गत दिनों कश्मीर दौरे के दौरान उन्होंने श्रीनगर में भाजपा के विस्तारकों से बैठक कर उनका हौसला बढ़ाया था। रैना ने कहा कि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही इस बार विधानसभा चुनाव में पचास पार के अपने लक्ष्य को हासिल करेगी। यह लक्ष्य सब मिलकर हासिल करेंगे। ऐसे में आने वाले दिनों में वरिष्ठ नेताओं के प्रदेश के विभिन्न जिलों के दौरों की रूपरेखा भी बनाई जाएगी।

chat bot
आपका साथी