Road Accident : ट्रक नाले में गिरने से शोपियां में हरियाणा के तीन लोग घायल, हंदवाड़ा में सात यात्री
ट्रक हादसे में हरियाणा के रहने वाले तीन लोग घायल हो गए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया दिया गया है। तीन में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं उत्तरी कश्मीर के हंदवाड़ा जिले के शोगीपोरा मगाम में हुए दूसरे सड़क हादसे में सात घायल हुए
जम्मू, राज्य ब्यूरो : दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में रविवार सुबह हुए एक ट्रक हादसे में हरियाणा के रहने वाले तीन लोग घायल हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया दिया गया है। तीन में से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं उत्तरी कश्मीर के हंदवाड़ा जिले के शोगीपोरा मगाम में हुए दूसरे सड़क हादसे में भी सात लोग घायल हो गए। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक रविवार की सुबह ट्रक नंबर एचआर39ई-2622 हीरपोरा से शोपियां की ओर जा रहा था। अचानक ट्रक का चालक वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित होकर ट्रक नाले में गिर गया। इससे इसमें सवार चालक देवेन्द्र सिंह, धर्मवीर सिंह और संदीप सिंह घायल हो गए। तीनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया। इनमें से धर्मवीर सिंह और संदीप सिंह की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेस सौरा में भर्ती करवाया गया है।
दूसरा हादसा उत्तरी कश्मीर के हंदवाड़ा जिले के शोगीपोरा मगाम में हुआ। यहां राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में काम कर रहे सात लोग कैब दुर्घटना में घायल हो गए। सातों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। यह सड़क दुर्घटना रविवार दोपहर को उस समय हुई जब टाटा सूमो नंबर जेके09ए-2055 श्रीनगर जाते समय सड़क से फिसल गई। इसमें सवार सभी सात लोग घायल हो गए। इनकी पहचान मुबीना बेगम, नसरीना बानो, महजबीना बानो, शहजादा अख्तर, अतीका बानो, मंसूर अहमद वार और ताहिर अहमद के रूप में हुई है। सभी रामहाल हंदवाड़ा के रहने वाले हैं। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल हंदवाड़ा में भर्ती करवाया गया है। सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।