Jammu : लाल रोशनी करती पतंग ने सुरक्षा बलों के उड़ाए होश

शनिवार देर रात आसमान से लाल रोशनी दिखने पर सुरक्षा बल सतर्क हो गए। यह रोशनी तीन-चार मिनट दिखाई दी फिर गायब हो गई। इसके बाद कानाचक्क पुलिस ने जब उस क्षेत्र में पहुंची तो पता चला कि एक लड़का लाइट लगी पतंग उड़ा रहा था।

By Lokesh Chandra MishraEdited By: Publish:Sun, 01 Aug 2021 08:32 PM (IST) Updated:Sun, 01 Aug 2021 08:32 PM (IST)
Jammu : लाल रोशनी करती पतंग ने सुरक्षा बलों के उड़ाए होश
गजनसू इलाके में शनिवार देर रात आसमान से लाल रोशनी दिखने पर सुरक्षा बल सतर्क हो गए।

जम्मू, जागरण संवाददाता : भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा के कानाचक्क सेक्टर के गजनसू इलाके में शनिवार देर रात आसमान से लाल रोशनी दिखने पर सुरक्षा बल सतर्क हो गए। यह रोशनी तीन-चार मिनट दिखाई दी, फिर गायब हो गई। इसके बाद कानाचक्क पुलिस ने जब उस क्षेत्र में पहुंची तो पता चला कि एक लड़का लाइट लगी पतंग उड़ा रहा था। पुलिस ने पतंग को अपने कब्जे में ले लिया और बच्चे को आगे से ऐसा नहीं करने के लिए कहा। दरअसल, आए दिन ड्रोन देखे जाने की घटना के कारण पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पहले ही अलर्ट पर हैं।

एसएचओ कानाचक्क विश्व प्रताप सिंह ने बताया कि शनिवार देर रात गजनसू के करलूप गांव के एक 13 वर्षीय बच्चे ने रोशनी करने वाली पतंग उड़ाई थी। एक युवक ने जब आसमान में लाल रंग की रोशनी को आगे बढ़ते देखा तो उसने इसका वीडियो बना लिया। युवक ने इसकी जानकारी स्थानीय ब्लाक डेवलपमेंट काउंसिल के सदस्य को दी, जिन्होंने पुलिस को सूचित किया। वे आशंका जता रहे थे कि यह पाकिस्तान की तरफ से भेजा ड्रोन हो सकता है।

सूचना पर बार्डर पुलिस पोस्ट गजनसू से पुलिस पार्टी को मौके पर भेजा गया। इसके साथ वहां सेना, बार्डर सिक्योरिटी फोर्स व अन्य सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया। कानाचक्क सेक्टर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। रविवार सुबह तड़के गजनसू के फलोरा गांव में जहां आसमान में रोशनी देखी गई थी, वहां सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान पता चला कि गांव के एक बच्चे ने रात को लाल बत्ती लगी पतंग को उड़ाया था। इसके बाद बच्चे के घर पहुंचकर पतंग को जब्त किया गया।

chat bot
आपका साथी