Dushahra पर रावण नहीं महंगाई और बेरोजगारी रूपी दानव का पुतला जलाया

जम्मू में प्रेस क्लब के बाहर प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि पेट्रोल डीजल सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम बहुत अधिक बढ़ गए हैं। इस मौके पर हर्षदेव सिंह ने कहा कि महंगाई इन दिनों सबसे बड़ा रावण राक्षस या दावन है।

By Lokesh Chandra MishraEdited By: Publish:Fri, 15 Oct 2021 05:02 PM (IST) Updated:Fri, 15 Oct 2021 05:02 PM (IST)
Dushahra पर रावण नहीं महंगाई और बेरोजगारी रूपी दानव का पुतला जलाया
हर्षदेव सिंह ने आरोप लगाया कि जम्मू कश्मीर में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है।

जम्मू, राज्य ब्यूरो : दशहरा पर्व पर पैंथर्स पार्टी ने महंगाई और बेरोजगारी के दानव का पुतला जलाया। पार्टी के चेयरमैन हर्षदेव सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने बैनर लहराते हुए जय श्री राम, महंगाई का दानव भस्म हो, बेरोजगारी का राक्षस खत्म हो, दमन और आतंक के दानव का अंत हो..., जैसे नारे लगाए। जम्मू में प्रेस क्लब के बाहर प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि पेट्रोल, डीजल सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम बहुत अधिक बढ़ गए हैं। इस मौके पर हर्षदेव सिंह ने कहा कि महंगाई इन दिनों सबसे बड़ा रावण, राक्षस या दावन है।

उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण आम लोगों का जीवन मुश्किल हो गया है। पेट्रोल के दाम तो अब सौ रुपये से बढ़कर डेढ़ सौ प्रति लीटर की तरफ बढ़ गए हैं। दालों, खाद्य तेल, सब्जियों के दाम बहुत बढ़ गए हैं। रसोई गैस के सिलेंडर का भाव एक हजार रुपये के करीब पहुंच गया है। सरकार महंगाई पर काबू पाने में विफल रही है। इतना ही नहीं देश में बेरोजगारी की दर भी अधिक बढ़ गई है। रोजगार के अवसर लगातार कम होते जा रहे हैं। देश के राष्ट्रीय दर की तुलना में जम्मू कश्मीर बहुत पिछड़ गया है। जम्मू कश्मीर में बेरोजगारी की दर 21.6 फीसद है। हालत यह है कि पीडीडी, लोक निर्माण विभाग, पीएचई, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, वन, बागवानी, कृषि, समाज कल्याण विभाग के दिहाड़ीदारों को स्थायी करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए है।

हर्षदेव सिंह ने आरोप लगाया कि जम्मू कश्मीर में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। नौकरशाही का आम लोगों के साथ संपर्क नहीं है। ऐसा लगता है कि कश्मीर साल 1990 जैसे हालात की तरफ बढ़ रहा है। आतंकी गतिविधियों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। यशपाल कुंडल ने कहा कि हमने दशहरा पर्व पर बेरोजगारी और महंगाई का दानव का पुतला जलाया है। महंगाई से लोगों की परेशानियां बढ़ गई है। प्रदर्शनकारियों में राजेश पड़गोत्रा, गगन प्रताप सिंह, राजेश्वर सिंह, सुरेंद्र चौहान, राज प्रताप सिंह, शंकर सिंह संजु, रामपाल शर्मा, गुरदीप राजू, अजय जम्वाल व अन्य शामिल थे।

chat bot
आपका साथी