Jammu Kashmir : सियासी लक्ष्य पाने के लिए मंथन करेगी प्रदेश भाजपा, जम्मू में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक 28 को

भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों के लिए जमीन तैयार कर रही है। इसी रणनीति के तहत प्रदेश भाजपा ने 28 जून को जम्मू में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है। इस बैठक में प्रदेश के सभी जिलों के प्रधान आनलाइन माध्यम से हिस्सा लेंगे।

By Lokesh Chandra MishraEdited By: Publish:Fri, 18 Jun 2021 08:46 PM (IST) Updated:Fri, 18 Jun 2021 08:46 PM (IST)
Jammu Kashmir : सियासी लक्ष्य पाने के लिए मंथन करेगी प्रदेश भाजपा, जम्मू में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक 28 को
प्रदेश भाजपा ने 28 जून को जम्मू में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है।

जम्मू, राज्य ब्यूरो : जम्मू कश्मीर में भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों के लिए जमीन तैयार कर रही है। इसी रणनीति के तहत प्रदेश भाजपा ने 28 जून को जम्मू में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है। इस बैठक में प्रदेश के सभी जिलों के प्रधान आनलाइन माध्यम से हिस्सा लेंगे। इसमें जम्मू कश्मीर में पार्टी के राजनीतिक लक्ष्य को हासिल करने के लिए रणनीति पर गहन मंथन किया जाएगा। कोरोना संक्रमण से उपजे हालात में प्रदेश भाजपा ने हालांकि पार्टी मुख्यालय में इस बार 60 प्रदेश पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं को ही बुलाया जाएगा।

जम्मू जिला प्रधान को छोड़कर प्रदेश के अन्य सभी जिलों के अध्यक्ष इस बैठक में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हिस्सा लेंगे। प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक से पहले 27 जून को कुछ वरिष्ठ नेताओं की बैठक भी होगी। इसमें प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक का एजेंडा तय किया जाएगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविंद्र रैना ने बताया कि 28 जून को प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रणनीति बनेगी। इसके साथ कोरोना से उपजे हालात में लोगों को राहत देने के लिए जिलों में चलाए गए कार्यक्रमों के बारे में भी जानकारी ली जाएगी।

अपना मुख्यमंत्री बनाने का है लक्ष्य : प्रदेश भाजपा ने जम्मू कश्मीर के केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद अपना मुख्यमंत्री बनाने का लक्ष्य तय कर रखा है। इसी की तैयारियां चल रही हैं। पार्टी ने 23 जून को श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि से लेकर छह जुलाई को जयंती तक कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला किया है। 21 जून को योग दिवस भी बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी है। इन कार्यक्रमों को लेकर प्रदेश भाजपा की दिल्ली में पार्टी हाईकमान से चर्चा हो चुकी है।

आलाकमान के निर्देश पहुंचाए जाएंगे कार्यकर्ताओं तक : प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों को गत दिनों दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा दिए गए दिशानिर्देशों के बारे में बताया जाएगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार हाईकमान के स्पष्ट निर्देश हैं कि पार्टी नेता व कार्यकर्ता लोगों के बीच जाकर काम करें। लोगों से दूरियां कम करने के साथ पूरी कोशिश की जाए कि उपराज्यपाल प्रशासन उनके मसलों का समाधान करे।

chat bot
आपका साथी