एक महीने के अंदर आएगी जम्मू-कश्मीर की खेल नीति : सिन्हा

केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए एक महीने के अंदर खेल नीति लाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि खेलों को बढ़ावा देने व खिलाड़ियों को प्रोत्साहन के लिए इस खेल नीति को अंतिम रूप दिया जा रहा है और एक महीने के भीतर इसे लागू कर दिया जाएगा।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 27 Nov 2021 07:49 AM (IST) Updated:Sat, 27 Nov 2021 07:49 AM (IST)
एक महीने के अंदर आएगी जम्मू-कश्मीर की खेल नीति : सिन्हा
एक महीने के अंदर आएगी जम्मू-कश्मीर की खेल नीति : सिन्हा

जागरण संवाददाता, जम्मू : केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए एक महीने के अंदर खेल नीति लाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि खेलों को बढ़ावा देने व खिलाड़ियों को प्रोत्साहन के लिए इस खेल नीति को अंतिम रूप दिया जा रहा है और एक महीने के भीतर इसे लागू कर दिया जाएगा। खेल नीति के तहत जम्मू-कश्मीर के होनहार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सरकारी विभागों में अफसर के पदों पर नियुक्त किया जाएगा। मनोज सिन्हा शुक्रवार शाम मौलाना आजाद स्टेडियम के जिम्नास्टिक हाल में आयोजित 56वीं जूनियर नेशनल आर्टिस्टिक व 25वीं रिदमिक जिम्नास्टिक प्रतियोगिता के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। सिन्हा ने इस मौके पर जम्मू के जिम्नास्टिक खिलाड़ियों के लिए एमए स्टेडियम के नए इंडोर हाल में जिम्नास्टिक एकेडमी का भी उद्घाटन किया।

देश के विभिन्न हिस्सों से आए खिलाड़ियों से मुलाकात करते हुए मनोज सिन्हा ने सबको शुभकामनाएं दी और खेल के क्षेत्र में अपने प्रदेश व देश का नाम रोशन करने का संदेश दिया। समापन समारोह में मनोज सिन्हा मुख्य अतिथि थे, जबकि उनके सलाहकार फारूक खान सम्माननीय अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। जेएंडके जिम्नास्टिक एसोसिएशन ने जेएंडके स्पो‌र्ट्स काउंसिल और जिम्नास्टिक फेडरेशन आफ इंडिया व जेएंडके ओलंपिक एसोसिएशन के सहयोग से इस जिम्नास्टिक महाकुंभ का आयोजन किया। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से 600 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

महाराष्ट्र पहले, जम्मू कश्मीर दूसरे और हरियाणा तीसरे स्थान पर

रिदमिक जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में महाराष्ट्र की टीम ने पहला पुरस्कार जीता। जम्मू-कश्मीर की टीम दूसरे, जबकि हरियाणा की टीम तीसरे स्थान पर रही। जम्मू-कश्मीर की टीम में मुस्कान राना, मान्या व हिमानी गुप्ता शामिल रहीं। मुस्कान ने व्यक्तिगत प्रदर्शन में एक गोल्ड, दो सिल्वर व एक ब्रांज मेडल जीता। महिला आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक में प. बंगाल की टीम पहले स्थान पर

महिला आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल की टीम ने पहला, महाराष्ट्र की टीम ने दूसरा जबकि दिल्ली की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। पुरुषों के आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम ने पहला, महाराष्ट्र की टीम ने दूसरा, जबकि दिल्ली की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया।

chat bot
आपका साथी