Jammu : अगले 30 वर्ष को ध्यान में रखते हुए जम्मू में बने स्मार्ट ड्रेनेज सिस्टम

अगर किसी की निजी भूमि इसमें आती है तो उसे मुआवजा दिया जाए। इससे जम्मू स्मार्ट सिटी तो बनेगा ही जलभराव का भी समाधान हो जाएगा। पत्रकारों को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं नगर निगम के पूर्व चेयरमैन बलदेव सिंह बलोरिया ने यह शब्द कहे।

By Lokesh Chandra MishraEdited By: Publish:Fri, 02 Jul 2021 08:22 PM (IST) Updated:Fri, 02 Jul 2021 08:22 PM (IST)
Jammu : अगले 30 वर्ष को ध्यान में रखते हुए जम्मू में बने स्मार्ट ड्रेनेज सिस्टम
भाजपा नेता बलदेव सिंह बलोरिया ने टाउन हाल में पत्रकारों से बात की। उनके साथ कॉरपोरेटर अरुण खन्ना भी थे।

जम्मू, जागरण संवाददाता : मंदिरों के शहर जम्मू को बरसात के दौरान होने वाले जलभराव से निजात दिलाने के लिए उपराज्यपाल अगले 30 वर्षों को ध्यान में रखते हुए शहर के लिए स्मार्ट ड्रेनेज सिस्टम नीति तैयार करें। इसके तहत नालों पर हुए अतिक्रमण को हटाया जाए। अगर किसी की निजी भूमि इसमें आती है तो उसे मुआवजा दिया जाए। इससे जम्मू स्मार्ट सिटी तो बनेगा ही, जलभराव का भी समाधान हो जाएगा। शुक्रवार को यहां पत्रकारों को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं नगर निगम के पूर्व चेयरमैन बलदेव सिंह बलोरिया ने यह शब्द कहे। उन्होंने जम्मू नगर निगम में जल निकासी व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति पर चिंता प्रकट की।

बलोरिया ने कहा कि अतिक्रमण के कारण नालों की कुल चौड़ाई काफी हद तक कम हो गई है। बड़े नालों को अब अतिक्रमण के कारण छोटे नालों और छोटे नालों को नालियों में बदल दिया गया है। जम्मू नगर निगम हर साल फरवरी माह से 104 बड़े नालों और 171 गहरे नालों का काम शुरू करता है, लेकिन अतिक्रमण व नालियों की चौड़ाई कम होने के कारण बरसात के दिनों में कहीं-कहीं पानी ओवरफ्लो हो जाता है। इससे तबाही होती है। उन्होंने उपराज्यपाल से अगले 30 वर्षों को ध्यान में रखते हुए स्मार्ट ड्रेनेज सिस्टम के संबंध में एक नीति तैयार करने का आग्रह किया ताकि जम्मू को बेहतर जल निकासी सुविधा प्रदान की जा सके।

उन्होंने कहा कि सरकार व निगम एक ऐसा प्रोजेक्ट बनाए जिसमें सड़कों की तरह नालों को चौड़ा किया जाए। इस प्रोजेक्ट में अगर कोई अतिक्रमणकारी आढ़े आता है तो उसका अतिक्रमण हटाया जाए। अगर किसी की निजी भूमि इसमें आती है तो उसे उस भूमि का आज के समय के मुताबिक मुआवजा दिया जाए। इससे शहर को समार्ट सिटी बनाने के साथ हर वर्ष होने वाली बाढ़ की ताबाही से भी बचाया जा सके और लोगों का नुकसान भी न हो। उन्होंने कहा कि इस काम को किए बिना जम्मू स्मार्ट सिटी की परिकल्पना नहीं की जा सकती।

बलोरिया ने कहा कि भाजपा सरकार के रहते हुए साइंस कालेज रोड व डोगरा चौक में पानी की निकासी की समस्या का समाधान किया गया। यहां हर बारिश में पानी जमा हो जाता था। अब इन स्थानों पर पानी जमा नहीं होता। उन्होंने कहा कि अब ठीक उसी प्रकार जम्मू शहर में जल निकासी का समाधान किया जाए। बलोरिया ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अपने क्षेत्र के नालों में किसी भी सूरत में कचरा न डालें और नालों को साफ रखने में निगम का सहयोग करें। इससे नालों में जलभराव की स्थिति का सामना लोगों को कम करना पड़ेगा। पत्रकार वार्ता में उनके साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता व कॉरपोरेटर अरुण खन्ना, अनिल कुमार भी मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी