Jammu : जम्मू की धरती से राेहिंग्याओं की जल्द वापसी करने की उठाई मांग, डोगरा फ्रंट का प्रदर्शन
रविवार को डोगरा फ्रंट शिव सेना ने जम्मू में प्रदर्शन किया और जमकर नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इन रोहिंग्याओं को पकड़ा तो जा रहा है मगर सिर्फ इससे बात नहीं बनेगी। जिस देश से ये लोग आए हैं वहां इनकी वापसी होनी चाहिए।
जम्मू, जागरण संवाददाता : जम्मू क्षेत्र से रोहिंग्याओं की जल्द वापसी कराने की मांग को लेकर रविवार को डोगरा फ्रंट शिव सेना ने जम्मू में प्रदर्शन किया और जमकर नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि इन रोहिंग्याओं को पकड़ा तो जा रहा है, मगर सिर्फ इससे बात नहीं बनेगी। जिस देश से ये लोग आए हैं, वहां इनकी वापसी होनी चाहिए। जम्मू की धरती पर अब रोहिंग्याओं को सहन नहीं किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जम्मू कश्मीर वैसे भी संवेदनशील क्षेत्र है, जहां पर इन रोहिंग्याओं को रखना खतरे से भरा हुआ है। अब इन लोगों की वापसी के कदम उठाने चाहिए।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए डोगरा फ्रंट के प्रदेश अध्यक्ष अशोक गुप्ता ने कहा कि अब तो न्यायालय भी कह रहा है कि इन रोहिंग्याओं की वापसी होनी चाहिए। इसलिए केंद्र सरकार को तुरंत कदम उठाने चाहिए। गुप्ता ने कहा कि यह रोहिंग्या लोग कई तरह के अपराध में संलिप्त रहते हैं। आतंकवादियों से भी इनके संपर्क साबित हुए हैं। ऐसे में इन लोगों को जम्मू में रखना सुरक्षा से समझौता करने की तरह है। ये रोहिंग्या लोग आतंकवादियों के मोहरे बन सकते हैं। आतंकवाद की घटनाओं को अंजमाम दे सकते हैं।
अशोक गुप्ता ने कहा कहा कि इन लोगों को जम्मू में बसाने वालों के चेहरे भी सामने आने चाहिए। रोहिंग्या लोग कैसे यहां पर तमाम दस्तावेज हासिल कर रह रहे हैं, यह भी जांच का विषय है। उन लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए, जो इनके दस्तावेज बनवाने में मदद करने वाले हैं। प्रदर्शन के मौके पर बीरबल कुमार, सुशील, कृष्ण लाल, लाल सिंह, बंटू, आशीष, सुरेश, जांकी, पाजो व पूजा देवी भी उपस्थित थी।