संतूर पर राहुल शर्मा की स्वर लहरियों ने किया मंत्रमुग्ध

जागरण संवाददाता जम्मू जम्मू में शुरू हुए साप्ताहिक आइकानिक महोत्सव के पहले दिन बारिश और

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 06:50 AM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 06:50 AM (IST)
संतूर पर राहुल शर्मा की स्वर लहरियों ने किया मंत्रमुग्ध
संतूर पर राहुल शर्मा की स्वर लहरियों ने किया मंत्रमुग्ध

जागरण संवाददाता, जम्मू : जम्मू में शुरू हुए साप्ताहिक आइकानिक महोत्सव के पहले दिन बारिश और ओलावृष्टि ने थोड़ा खलल डाला, लेकिन रात को अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त संतूर वादक राहुल शर्मा ने संतूर पर छेड़ी स्वर लहरियों से दर्शकों का मन मोह लिया।

टीचर्स भवन में आयोजित कार्यक्रम जैसे-जैसे आगे बढ़ता गया, हाल में बैठे दर्शक संतूर की स्वर लहरियों में डूबते रहे। खासकर हिदी, डोगरी, कश्मीरी, पहाड़ी गीतों पर प्रस्तुति को खूब पसंद किया गया।

कार्यक्रम के शुरू में राहुल शर्मा ने कहा कि वह जम्मू के बेटे हैं। उनके पिता व गुरु पंडित शिव कुमार शर्मा और दादा उमा दत्त शर्मा ने संगीत का सफर मंदिरों के शहर जम्मू से ही किया था। आज वह जहां भी जाते हैं, जम्मू-कश्मीर के नाम से जाने जाते हैं। लोगों को संतूर की स्वर लहरियों के साथ ही कश्मीर से जुड़ी यादें ताजा हो जाती हैं। उन्होंने इस महोत्सव में आमंत्रित किए जाने के लिए पर्यटन विभाग का आभार जताते हुए कहा कि इस अनुभव के बाद वह चाहेंगे कि उन्हें जब भी जम्मू में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा, जम्मू के लोगों का आशीर्वाद लेने पहुंचेंगे। अपने लोगों के बीच कार्यक्रम का अपना एक अलग ही अनुभव हुआ है। 22 साल की उम्र में शर्मा को पीटर गेब्रियल ने दरबार फेस्टिवल में प्रस्तुति देने के लिए साइन किया था। अपने पिता शिवकुमार शर्मा से सीखने के बाद राहुल ने नमस्ते इंडिया सहित विभिन्न मंचों के जरिये संतूर को संगीत के विश्व पटल पर ले गए। कई उपलब्धियां हैं राहुल के नाम

राहुल ने ग्रैमी-विजेता इलेक्ट्रानिका समूह डीप फारेस्ट के साथ भी सहयोग किया है। इसकी स्थापना एरिक मिकेट ने 10 ट्रैक पर की थी, जिसमें भारतीय लोक और संतूर को इलेक्ट्रानिका के साथ जोड़ा गया था। राहुल ने अपने एल्बम द रिबेल के साथ संतूर को राक जानर में ले जाकर प्रयोग भी किया है। राहुल अब तक कई संस्थानों से सम्मानित हो चुके हैं। उन्हें वर्ष 2019 में संगीत नाटक अकादमी से सम्मानित किया गया था।

chat bot
आपका साथी