भाजपा, जम्मू कश्मीर अपनी पार्टी के नेताओं से सरकारी बंगले खाली करवाने के मुद्दे पर पैंथर्स का प्रदर्शन
भाजपा और जम्मू कश्मीर अपनी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं से सरकारी आवास खाली न करवाने का आरोप लगाते हुए पैंथर्स पार्टी ने इस्टेट विभाग के सचिव के घर के बाहर प्रदर्शन किया। इस्टेट विभाग के सचिव के गांधी नगर जम्मू स्थित आवास के बाहर बैनर लहराते हुए धरना दिया।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। भाजपा और जम्मू कश्मीर अपनी पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं से सरकारी आवास खाली न करवाने का आरोप लगाते हुए पैंथर्स पार्टी ने इस्टेट विभाग के सचिव के घर के बाहर प्रदर्शन किया। पार्टी के चेयरमैन हर्षदेव सिंह कार्यकर्ताओं के साथ रविवार को इस्टेट विभाग के सचिव के गांधी नगर जम्मू स्थित आवास के बाहर पहुंचे और बैनर लहराते हुए धरना दिया। कार्यकर्ताओं ने इस्टेट विभाग और भाजपा के खिलाफ नारे लगाते हुए विभाग का पुतला भी जलाया।
इस मौके पर हर्षदेव सिंह ने कहा कि भाजपा और जम्मू कश्मीर अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अवैध रूप से सरकारी बंगलों और क्वार्टरों पर कब्जा जमाया हुआ है। उच्च न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए सरकारी बंगले खाली करवाए जाने चाहिए। आरटीआई के जवाब में पता चला है कि नियमों का उल्लंघन करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं के पास सरकारी आवास मौजूद है।
जम्मू कश्मीर अपनी पार्टी को कार्यालय खोलने के लिए सरकारी आवास दिया गया है। इतना ही नहीं राजनीतिक आधार पर भी पीएसओ और सुरक्षा वाहन उपलब्ध करवाए गए हैं। विपक्षी दलों के नेताओं से सुरक्षा वापिस ले ली गई है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों में राजेश पडगोत्रा, गगन प्रताप सिंह, पुरुषोत्तम परिहार, महेंद्र सिंह, विश्व सिंह, रछपाल सिंह, गुरदीप सिंह व अन्य शामिल थे।