जम्मू नगर निगम की 10 दिन से ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित, लोग परेशान

एनआइसी के नेशनल डाटा सेंटर पूणे में खराबी होने के चलते जम्मू नगर निगम की सेवाएं प्रभावित होने की बात कही जा रही है। अभी तक इस व्यवस्था को ठीक नहीं किया जा सका है। निगम में प्रतिदिन डेढ़ सौ के करीब जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होते हैं।

By Vikas AbrolEdited By: Publish:Wed, 15 Sep 2021 05:16 PM (IST) Updated:Wed, 15 Sep 2021 05:16 PM (IST)
जम्मू नगर निगम की 10 दिन से ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित, लोग परेशान
पूणे में खराबी होने के चलते जम्मू नगर निगम की सेवाएं प्रभावित होने की बात कही जा रही है।

जम्मू, जागरण संवाददाता : ऑनलाइन सेवाएं देने की घोषणाओं के बीच पिछले 10 दिनों से जम्मू नगर निगम की ऑनलाइन व्यवस्था बिगड़ी पड़ी है। न तो लोग आवेदन कर पा रहे हैं और न ही कार्यालय से ही कोई उनके काम हो पा रहे हैं। खासकर जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र लेने वालों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मजबूर लोग दफ्तरों के भी चक्कर काटते थक चुके हैं। स्कूलों, कालेजों में दाखिलों के लिए उन्हें प्रमाण पत्रों की जरूरत है लेकिन निगम की ऑनलाइन व्यवस्था ठप पड़ी हुई है।

एनआइसी के नेशनल डाटा सेंटर पूणे में खराबी होने के चलते जम्मू नगर निगम की सेवाएं प्रभावित होने की बात कही जा रही है। अभी तक इस व्यवस्था को ठीक नहीं किया जा सका है। निगम में प्रतिदिन डेढ़ सौ के करीब जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होते हैं। ऑनलाइन सेवाएं ठप होने से सब रुक गया है। इससे निगम को राजस्व का भी घाटा पड़ रहा है। इतना ही नहीं नगर निगम की बिल्डिंग परमिशन समेत अन्य ऑनलाइन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। जम्मू नगर निगम में नेशनल इंफरमेटिक सेंटर (एनआसी) ऑनलाइन सेवाओं की देखरेख कर रही है। इतना ही नहीं सचिवालय में भी एनआइसी ही काम कर रही है।

दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ रहे

गांधीनगर के रहने वाले राजेश गुप्ता का कहना है कि वह पिछले 10 दिनों से जन्म प्रमाण पत्र हासिल करने के लिए दफ्तर के चक्कर काट रहे हैं। पहले ऑनलाइन भी कोशिश की लेकिन कुछ नहीं बना। फिर दफ्तर जाकर भी पता किया लेकिन कोई काम नहीं बन रहा। बच्चे के दाखिले के लिए प्रमाण पत्र की जरूरत है।

अव्यवस्था का आलम

गुज्जर नगर के रहने वाले शाहिद काजी का कहना है कि नगर निगम दावे तो बहुत कर रहा है लेकिन ऐसी व्यवस्था तक नहीं बनाई कि सर्वर डाउन हाे जाने की सूरत में कैसे लोगों को राहत दी जाए। पिछले 10 दिनों से सर्वर डाउन हाेने की बात कही जा रही है। इससे तो बेहतर था कि पहले की तरह ही मैनुअल तरीके से काम होता।

खोखले दावे न किए जाएं

प्रीत नगर के रहने वाले विजय चिब का कहना है कि सरकारी दावों और जमीनी हकीकत में अंतर देखना हो तो जम्मू नगर निगम इसकी मिसाल है। पिछले 10 दिनों से यहां ऑनलाइन सेवाएं ठप पड़ी हुई हैं। आज तक ठीक नहीं हो सकीं। लोग दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।

पूणे में डाटा सेंटर में खराबी

जम्मू नगर निगम में इंफरमेटिक आफिसर अंकुश कपूर का कहना है कि पूणे में एनआईएसी के नेशनल डाटा सेंटर में खराबी के चलते यहां ऑनलाइन सभी सेवाएं प्रभावित हैं। उनका कहना है कि कोशिश की जा रही है कि उड़ीसा के भूवनेश्वर में नए सर्वर से एनआईसी क्लाउड सेंटर के माध्यम से चलाएं जाएं। इसमें तीन-चार दिन का समय लग सकता है। जैसे ही सर्वर काम करना शुरू करेगा, ऑनलाइन सेवाएं मिलने लगेंगी। पूणे में खराबी के चलते कामकाज प्रभावित हुआ है। ऑनलाइन व्यवस्था होने के चलते मैनुअल तरीके से प्रमाण पत्र दे पाना फिलहाल संभव नहीं है। 

chat bot
आपका साथी