Jammu Kashmir: अखनूर फायरिंग रेंज में 105 एमएम तोप की बैरल फटने से जवान शहीद, दो घायल

सेना की आर्टिलरी रेजीमेंट मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे के करीब खवाड़ा फायरिंग रेंज में फायरिंग प्रेक्टिस कर रही थी। इस दौरान 105 एमएम की तोप से गोला दागने के दौरान बैरल फटने से तोप चला रहे 3 सैनिक इसकी जद में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

By Vikas AbrolEdited By: Publish:Tue, 23 Feb 2021 03:51 PM (IST) Updated:Tue, 23 Feb 2021 05:23 PM (IST)
Jammu Kashmir: अखनूर फायरिंग रेंज में 105 एमएम तोप की बैरल फटने से जवान शहीद, दो घायल
अखनूर में सेना की फायरिंग रेंज में आज हुए एक हादसे में सेना का एक जवान शहीद हो गया।

जम्मू, जेएनएन। जम्मू के सीमावर्ती अखनूर क्षेत्र में फील्ड फायरिंग रेंज में मंगलवार को चांदमारी के दौरान 105 एमएम तोप की बैरल फटने से सेना का एक जवान शहीद हो गया। शहीद सैनिक की पहचान गन्नर सयोन घोष के रूप में हुई है। वहीं विस्फोट में दो सैनिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

सेना की आर्टिलरी रेजीमेंट मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे के करीब खवाड़ा फायरिंग रेंज में फायरिंग प्रेक्टिस कर रही थी। इस दौरान 105 एमएम की तोप से गोला दागने के दौरान बैरल फटने से तोप चला रहे 3 सैनिक इसकी जद में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। फायरिंग प्रेक्टिस कर रहे अधिकारियों व जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपने घायल साथियों को अखनूर के सैन्य अस्पताल तक पहुंचाया।

इस दौरान गंभीर रूप से घायल हुए गन्नर सयान घोष वीरगति को प्राप्त हुए। वह पश्चिम बंगाल के निवासी थे। सैन्य सूत्राें के अनुसार बैरल फटने से सयान सेना की आर्टिलरी रेजीमेंट के नायब सुबेदार अशोक भौंसले व हवलदार आदेश कुमार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें बेहतर इलाज के लिए अखनूर के सैन्य अस्पताल से कमान अस्पताल ले लाया गया है। इसी बीच सेना ने फायरिंग के दौरान तोप की बैरल फटने के इस मामले में कोर्ट आफ इंक्वायरी शुरू कर दी है। हादसे के कारण पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

सेना के पीआरओ डिफेंस जम्मू लेफ्टिनेंट कर्नल देवेन्द्र आनंद ने बताया कि अखनूर सेक्टर की फील्ड फायरिंग रेंज में यह दुर्घटना मंगलवार सुबह साढ़े दस बजे के करीब लाइव फायरिंग के दौरान हुई। इस दुर्घटना के कारणों के बारे में पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहीद सैनिक पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले की बैरकपुर तहसील के नगदाहा गांव के रहने वाले थे। सैन्य सम्मानपूर्वक उनके पार्थिव शरीर को बुधवार को उनके निवास स्थान के लिए भेजा जाएगा।

chat bot
आपका साथी