पुष्प कालोनी में जोरदार धमाके से क्षेत्र में हड़कंप, विस्फोट में घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त

घर के भीतर खून के धब्बे भी पड़े मिले हैं जिससे यह संदेह जाता है कि विस्फोट के दौरान घर में कोई मौजूद था और वह भागते समय जख्मी हो गया है।

By Rahul SharmaEdited By: Publish:Fri, 21 Dec 2018 04:37 PM (IST) Updated:Fri, 21 Dec 2018 04:37 PM (IST)
पुष्प कालोनी में जोरदार धमाके से क्षेत्र में हड़कंप, विस्फोट में घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त
पुष्प कालोनी में जोरदार धमाके से क्षेत्र में हड़कंप, विस्फोट में घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त

जम्मू, जेएनएन। गंग्याल की पुष्प कालोनी के सेक्टर चार में आज सुबह तड़के एक घर में जोरदार धमाका होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। यह गनीमत थी कि घर में कोई भी मौजूद नहीं था। यह घर अशोक कुमार है। घर का मालिक अशोक, उसकी पत्नी और बेटा-बेटी पिछले कई महीनों से हत्या के एक मामले में पुलिस हिरासत में हैं। उनका यह घर उसी दौरान से बंद पड़ा हुआ है। ऐसे में कालोनी के लोगों को यह समझ नहीं आ रहा कि बंद पड़े घर में धमाका कैसे हुआ। धमाका भी इतना जोरदार था कि घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। घर के भीतर खून के धब्बे भी पड़े मिले हैं जिससे यह संदेह जाता है कि विस्फोट के दौरान घर में कोई मौजूद था और वह भागते समय जख्मी हो गया है।

कालोनी के लोगों ने बताया कि पहले घर के भीतर आग लगी। कई लोगों ने घर के भीतर से धुंआ निकलते हुए भी देखा। उसके बाद जोरदार धमाका हुआ जिसमें घर की दीवारें व भीतर का सामान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि लोग हड़बड़ाते हुए सड़कों पर आ गए। पुलिस भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई। डीएसपी गांधी नगर सनैया अशकूर वानी व एफएसएल की टीम ने भीतर पड़ताल की। घर के भीतर खून के ताजा धब्बे भी मिले हैं। पुलिस का कहना है कि विस्फोट से पहले घर में कोई मौजूद था। यानी घर के भीतर आग लाने के बाद भागते समय कोई व्यक्ति जख्मी हो गया। डीएसपी जम्मू ने कहा कि वह सबूत जुटा रहे हैं। घर की बारिकी से पड़ताल की जा रही है।

बदला हो सकता है विस्फोट का कारण

यह विस्फोट बदले की भावना से भी किया गया हो सकता है। दरअसल अशोक कुमार और उनके परिवार को सतवारी के बाबलियाना इलाके में रहने वाले 31 वर्षीय युवक दलवीर सिंह उर्फ सन्नी की हत्या के मामले में हिरासत में लिया गया है। गत अक्तूबर को सन्नी का शव जिला सांबा के पहाड़ी गांव धलोट से बरामद हुआ था। गला रेत कर उसकी हत्या को अंजाम दिया गया था। उसकी पहचान को छुपाने के लिए चेहरे को पॉलीथिन में लपेट कर फेंक गया था। पुलिस ने इसी हत्या के आधार पर अशोक कुमार, पत्नी और उसके बेटा-बेटी को हिरासत में लिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मकान उसी दौरान से बंद पड़ा हुआ है। हो सकता है कि बदले की भावना के साथ उनके घर को यह नुकसान पहुंचाया गया हो। 

chat bot
आपका साथी