पढ़ाई के शौकीन लोगों के लिए रीडिंग रूम स्थापित करेगा नगर निगम, जानिए पहले चरण में कहां-कहां बनेंगे

प्रथम चरण में नगर निगम इन रीडिंग रूम को अपने सामुदायिक भवन के रूप में प्रयोग करेंगे। इसके अलावा जम्मू के प्रसिद्ध हेरिटेज मुबारक मंडी से भी नगर निगम रीडिंग रूम और कैफे बनाने जा रहा है। कैफे में लोगों के स्वाद अनुसार खाने पीने की वस्तुएं रखी जाएगी।

By Lokesh Chandra MishraEdited By: Publish:Mon, 06 Dec 2021 05:28 PM (IST) Updated:Mon, 06 Dec 2021 05:28 PM (IST)
पढ़ाई के शौकीन लोगों के लिए रीडिंग रूम स्थापित करेगा नगर निगम, जानिए पहले चरण में कहां-कहां बनेंगे
युवा विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं की तैयारियां करने के लिए एकांत जगह पढ़ाई के लिए ढूंढते हैं

जम्मू, दिनेश महाजन : शहर में पढ़ाई के शौकीन लोगों के लिए अच्छी खबर है। नगर निगम जम्मू शहर के कई वार्ड में रीडिंग रूम (लाइब्रेरी) स्थापित करने जा रही है। प्रथम चरण में नगर निगम इन रीडिंग रूम को अपने सामुदायिक भवन के रूप में प्रयोग करेंगे। इसके अलावा जम्मू के प्रसिद्ध हेरिटेज मुबारक मंडी से भी नगर निगम रीडिंग रूम और कैफे बनाने जा रहा है। कैफे में लोगों के स्वाद अनुसार खाने पीने की वस्तुएं रखी जाएगी। कैफे को भी नगर निगम कर्मी ही चलाएंगे। रीडिंग रूम में कुछ सामान्य ज्ञान की किताबों के अलावा समाचार पत्र भी रखे जाएंगे।

बुजुर्ग या युवा अपनी पुस्तकों को ला कर वहां एकांत में पढ़ पाएंगे। दरअसल युवा विभिन्न प्रवेश परीक्षाओं की तैयारियां करने के लिए ऐसे स्थानों की तलाश करते है, जिनमें वह एकांत में पढ़ाई कर सके। ऐसे में नगर निगम द्वारा स्थापित किए जाने वाले रीडिंग रूम उनके लिए कारगर साबित होंगे। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि इन रीडिंग रूम में बुजुर्गों की मौजूदगी को सुनिश्चित करने के लिए उनकी दिलचस्पी वाली पुस्तकों को रखा जाएगा। इन रीडिंग रूम का निर्माण जम्मू स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत किया जाएगा, ताकि लोगों को उनके द्वार तक हर संभव सुविधाएं दी जा सके।

पहले चरण में तीन स्थानों पर स्थापित होंगे रीडिंग रूम : शहर के अंबफला स्थित जंबू लोचन कम्युनिटी हाल, कनाल रोड में चंद्रभागा कम्युनिटी हाल और मुबारक मंडी में रीडिंग रूम स्थापित होंगे। इसके बाद शहर के जिस वार्ड से रीडिंग रूम स्थापित करने की मांग आएगी। उसके हिसाब से इनकी संख्या को बढ़ाया जाएगा। रीडिंग रूम स्थापित करने के लिए नगर निगम के कारपोरेटर की भूमिका अहम होगी। उन्हीं के अनुरोध पर नई रीडिंग रूम स्थापित होगी।

युवाओं व बुजुर्गों को होगा लाभ : जम्मू स्मार्ट सिटी प्रोटेक्ट की चीफ एग्जिक्यूटिव आफिसर अवनी लवासा का कहना है कि सबसे पहले मुबारक मंडी और इसके बाद नगर के सामुदायिक भवनों में रीडिंग रूम बनाए जाएंगे। पढ़ाई के शौकीन लोगों विशेषकर युवाओं और बुजुर्गों को रीडिंग रूम स्थापित होने का लाभ होगा।

chat bot
आपका साथी