Jammu Crime : ईंट भट्टे में काम करते नाबालिग श्रमिक लड़की को लगी गोली, भट्ठा मालिक गिरफ्तार

एक ईंट भट्टे पर काम कर रही प्रवासी श्रमिक परिवार की लड़की को संदिग्ध परिस्थितियों में टांग में गोली लग गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने ईंट भट्टे के मालिक अखनूर निवासी अनूप सिंह को हिरासत में ले लिया है।

By Lokesh Chandra MishraEdited By: Publish:Fri, 09 Apr 2021 04:02 PM (IST) Updated:Fri, 09 Apr 2021 04:02 PM (IST)
Jammu Crime : ईंट भट्टे में काम करते नाबालिग श्रमिक लड़की को लगी गोली, भट्ठा मालिक गिरफ्तार
डीएसपी अखनूर विनय जंडियाल ने कहा कि अनूप सिंह ने बिना वजह अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से हवा में गोली चलाई

जम्मू, जागरण संवाददाता : सीमावर्ती क्षेत्र अखनूर के कोट गढ़ी इलाके में स्थित एक ईंट भट्टे पर काम कर रही प्रवासी श्रमिक परिवार की लड़की को संदिग्ध परिस्थितियों में टांग में गोली लग गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने ईंट भट्टे के मालिक अखनूर निवासी अनूप सिंह को हिरासत में ले लिया है। डीएसपी अखनूर विनय जंडियाल ने कहा कि अनूप सिंह ने बिना वजह अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से हवा में गोली चलाई थी, जो दुर्घटनावश छत्तीसगढ़ की रहने वाली 15 वर्षीय लड़की प्रीति देवी पुत्री दिनेश कुमार को लग गई थी।

पुलिस ने अनूप सिंह की लाइसेंसी रिवाल्वर को जब्त कर लिया है। लड़की को ईंट भट्ठे पर गोली लगने की यह वारदात बीते वीरवार देर रात की है। गणेश ब्रिक कीलन में प्रीति और उसकी भाभी सोनिया साथ मिलकर ईंट बनाने के लिए मिट्टी को एक रेहड़ी में डालने के लिए ले जा रही थी कि अचानक प्रीति की दाहिनी टांग पर चोट लगी और वह दर्द से चीख उठी। प्रीति की भाभी ने देखा तो उसकी टांग से खून निकल रहा था। प्रीति की चीख सुनकर वहां काम कर रहे अन्य श्रमिक भी पहुंच गए। सभी ने घायल अवस्था में प्रीति को अखनूर अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने पाया कि उसकी टांग पर गोली लगी है। उसके बाद प्रीति को विशेष उपचार के लिए जम्मू के जीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया गया। जम्मू में डॉक्टरों ने प्रीति का ऑपरेशन किया। इस घटना की जानकारी अस्पताल से पुलिस को मिली। उसके बाद पुलिस मामले की छानबीन कर रही थी।

नाबालिग लड़की से ईंट भट्ठे पर लिया जा रहा था काम : ईंट भट्ठे पर दोहरा अपराध हुआ। एक तो श्रमिक लड़की को गोली लगी और दूसरा यह कि नाबालिग लड़की को श्रमिक के तौर पर भट्ठे पर काम करवाया जा रहा था। हालांकि यह कोई इकलौता ईंट भट्ठा नहीं है, जहां नाबालिग श्रमिक से काम करवाया जाता हो, लेकिन इस घटना के बाद श्रम विभाग पर भी सवाल उठ गया। श्रमि विभाग कभी किसी ईंट भट्ठे की जांच नहीं करता। अब देखना है कि इस मामले में श्रम विभाग क्या कार्रवाई करता है।

chat bot
आपका साथी