Jammu : मेयर ने वार्ड 71 का दौरा कर सुनीं लोेगों की समस्याएं

उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को चरणबद्ध तरीके से हल करवाया जाएगा। मेयर सोमवार को वार्ड नंबर 71 के दौरे पर पहुंचे और उन्होंने स्थानीय कॉरपोरेटर शमा अखतर के साथ सिदड़ा मझीन और साथ लगते मुहल्लों का दौरा किया।

By Lokesh Chandra MishraEdited By: Publish:Mon, 02 Aug 2021 05:33 PM (IST) Updated:Mon, 02 Aug 2021 05:33 PM (IST)
Jammu : मेयर ने वार्ड 71 का दौरा कर सुनीं लोेगों की समस्याएं
मेयर चंद्र मोहन गुप्ता, कॉरपोरेटर शमा अख्तर के साथ मझीन का दौरा करते हुए।

जम्मू, जागरण संवाददाता : मेयर चंद्र मोहन गुप्ता ने शहर के वार्ड नंबर 71 का दौरा कर लोगों की समस्याओं को सुना। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को चरणबद्ध तरीके से हल करवाया जाएगा। मेयर सोमवार को वार्ड नंबर 71 के दौरे पर पहुंचे और उन्होंने स्थानीय कॉरपोरेटर शमा अखतर के साथ सिदड़ा, मझीन और साथ लगते मुहल्लों का दौरा किया। शमा ने मेयर को विभिन्न मुहल्लों में घुमाया तथा बताया कि किस तरह की समस्याओं से लोग जूझ रहे हैं। इसके अलावा मेयर ने यहां जारी विकास कार्यों का भी जायजा लिया।

मेयर ने यहां लोगों से भी भेंट की और उन्हें सुना। लोगों ने मेयर को बताया कि यहां गलियों, नालियों की हालत बहुत खराब है। वर्ष 2018 में कई और नए क्षेत्र वार्ड में जोड़ दिए गए हैं लेकिन न तो फंड्स बढ़ाए गए और न ही सफाई कर्मचारियों की संख्या ज्यादा की गई। इससे समस्याएं अौर बढ़ गई हैं। यहां श्मशानघाट के निर्माण की मांग की जिसमें शेड, पानी, चारदीवारी व अन्य सुविधाओं को रखने की भी अपील की गई। उन्होंने मझीन में खाली पड़ी जमीन पर इस शमशानघाट के निर्माण पर जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि फिलहाल लंबा रास्ता तय करने के बाद सिदड़ा श्मशानघाट तक जाना पड़ता है। उन्होंने यहां अतिरिक्त सफाई कर्मचारी लगाने की भी मांग की। शमा ने कहा कि इलाके में नए जुड़े क्षेत्र पूरी तरह ग्रामीण हैं। यहां विकास की बहुत जरूरत है और इसके लिए अतिरिक्त फंड मिलने चाहिए। मेयर ने लोगों से अपील की कि वे जम्मू नगर निगम का सहयोग करें। उनकी समस्याओं को हल करने में कसर नहीं छोड़ी जाएगी। धीरे-धीरे लोग वार्ड में बदलाव महसूस करेंगे। बहुत से काम हुए हैं और बहुत से विकास कार्यों को करवाया जाना है।

chat bot
आपका साथी