Kashmir: 24 घंटे राहत कार्य कर लोगों को राहत दे प्रशासन : उपराज्यपाल

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कश्मीर घाटी में भारी बर्फबारी से उपजे हालात बर्फ को हटाने के लिए उठाए जा रहे कदमों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम लोगों को राहत देने के लिए चौबीस घंटे कार्य किया जाए।

By Vikas AbrolEdited By: Publish:Wed, 13 Jan 2021 08:10 PM (IST) Updated:Wed, 13 Jan 2021 08:10 PM (IST)
Kashmir: 24 घंटे राहत कार्य कर लोगों को राहत दे प्रशासन : उपराज्यपाल
उपराज्यपाल ने आज बुधवार को श्रीनगर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर कार्यों को देखा।

जम्मू, राज्य ब्यूरो। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कश्मीर घाटी में भारी बर्फबारी से उपजे हालात, बर्फ को हटाने के लिए उठाए जा रहे कदमों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम लोगों को राहत देने के लिए चौबीस घंटे कार्य किया जाए। उपराज्यपाल ने आज बुधवार को श्रीनगर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर बर्फ हटाने के लिए किए जा रहे कार्यों को देखा। दौरे से पहले राजभवन में अधिकारियों के साथ बैठक में उपराज्यपाल ने राहत कार्यों की पूरी रिपोर्ट मांगी। पीने के पानी, बिजली सप्लाई, सड़कों, गलियों से बर्फ हटाने, मरम्मत कार्यों संबंधी पूरी जानकारी ली।

उपराज्यपाल को बताया गया कि पिछले दिनों लगातार कश्मीर में बर्फबारी होने से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया था। प्रशासन युद्ध स्तर पर राहत कार्य चला रहा है। सिन्हा ने कहा कि बर्फ हटाने के काम में तेजी लाई जाए। राहत कार्यों की निगरानी की जाए। जन सेवाएं प्रभावित होने वाले इलाकों की सुध ली जाए। चिकित्सा सुविधाओं सहित सभी आवश्यक सेवाएं सुचारू रूप से चलनी चाहिए। यह सुनिश्चित किया जाए कि बर्फ हटाने के लिए पर्याप्त कर्मी और मशीनरी को लगाया जाए। गांवों की तरफ जाने वाली सड़कों से बर्फ हटा कर यातायात को बहाल किया जाए।

अधिकारियों ने उपराज्यपाल को बताया कि कश्मीर के सभी जिलों में बिजली की सप्लाई को बहाल कर दिया गया है। वहीं 33 केवी की सभी 115 लाइनों और 255 रिसीविंग स्टेशनों को बहाल कर दिया गया है। एक मात्र मच्छल रिसीविंग स्टेशन ही बहाल होने से बचा है। लोक निर्माण विभाग ने कुल 8026 किलोमीटर सड़कों में से 7892 किलोमीटर सड़कों से बर्फ को हटा दिया है। शोपियां, बड़गाम और कुलगाम के दूरदराज के कुछ इलाके अभी भी बर्फबारी से ढके हुए हैं। उपराज्यपाल ने श्रीनगर में ललित घाट पर शिकारा वालों से बात की और पर्यटन की मौजूदा स्थिति बारे पूछा। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिकारा वालों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।  

chat bot
आपका साथी