Lockdown In Jammu Kashmir: सेल्फ लॉकडाउन में बंद रही थोक अनाज मंडी, सोमवार को होगी राशन सप्लाई

Lockdown In Jammu Kashmir जम्मू जिला प्रशासन की ओर से 29 अप्रैल से लगाए गए लॉकडाउन में पहले थाेक अनाज मंडियों को खोलने की अनुमति नहीं दी गई थी जिसके चलते खुदरा बाजार में राशन की किल्लत पैदा हो गई थी।

By Rahul SharmaEdited By: Publish:Sat, 08 May 2021 12:54 PM (IST) Updated:Sat, 08 May 2021 12:54 PM (IST)
Lockdown In Jammu Kashmir: सेल्फ लॉकडाउन में बंद रही थोक अनाज मंडी, सोमवार को होगी राशन सप्लाई
अब ये मंडियां सोमवार को खुलेंगी जिसके बाद राशन सप्लाई फिर से शुरू होगी।

जम्मू, जागरण संवाददाता: कोविड-19 चेन को तोड़ने के लिए प्रशासन की ओर से जम्मू समेत पांच जिलों में लॉकडाउन लगाया गया है। इस लॉकडाउन में खाद्य सप्लाई सुचारू रहे, इसके लिए प्रशासन की ओर से किरयाना की दुकानों से लेकर थोक अनाज मंडियों को भी सुबह छह बजे से लेकर दस बजे तक खुला रखने की अनुमति मिली है लेकिन आज शनिवार को जम्मू की सबसे बड़ी अनाज थोक मंडी वेयर हाउस-नेहरू मार्केट व पुराने शहर की कनक मंडी सेल्फ लॉकडाउन के चलते बंद रही।

इन दोनों मंडियों ने प्रशासन के लॉकडाउन लगाने से पूर्व ही 24 अप्रैल से हालात सामान्य होने तक वीकेंड लॉकडाउन का ऐलान किया था और तब से लेकर अब तक यह तीसरा सप्ताह है, जब इन मंडियों को शनिवार-रविवार बंद रखा गया है। अब ये मंडियां सोमवार को खुलेंगी जिसके बाद राशन सप्लाई फिर से शुरू होगी।

जम्मू जिला प्रशासन की ओर से 29 अप्रैल से लगाए गए लॉकडाउन में पहले थाेक अनाज मंडियों को खोलने की अनुमति नहीं दी गई थी जिसके चलते खुदरा बाजार में राशन की किल्लत पैदा हो गई थी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए प्रशासन ने चार मई से इन मंडियों को भी सुबह छह बजे से लेकर दस बजे तक खोलने की अनुमति दी।

पिछले चार दिनों के दौरान इन मंडियों से जम्मू समेत अन्य जिलों में राशन की सप्लाई भेजी गई और अब अपने तय शेड्यूल के अनुसार सेल्फ लॉकडाउन का पालन किया जा रहा है। ट्रेडर्स फेडरेशन वेयर हाउस-नेहरू मार्केट के प्रधान दीपक गुप्ता के अनुसार प्रशासन के लॉकडाउन लगाने से पहले ही फेडरेशन ने अपने स्तर पर लॉकडाउन लगाया था और फेडरेशन के सभी 24 अप्रैल से सदस्य वीकेंड लॉकडाउन का पालन कर रहे हैं। इस वीकेंड लॉकडाउन से राशन सप्लाई प्रभावित न होने का दावा करते हुए दीपक गुप्ता ने कहते हैं कि राशन सप्लाई भेजने के लिए पांच दिन पर्याप्त है।

अलबत्ता अगर सरकार थोक अनाज मंडियों के समय को कुछ देर के लिए बढ़ा दे तो इससे काफी सुविधा होगी। हम चाहते है कि सरकार थोक अनाज मंडियों को लॉकडाउन अवधि में सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक काम करने की इजाजत दे और हर शनिवार-रविवार काे मंडी बंद रहे। इससे कोविड-19 चेन तोड़ने में भी मदद मिलेगी और राशन सप्लाई भी सुचारू रहेगी। 

chat bot
आपका साथी