उपराज्यपाल ने कंटेनमेंट जोन वैज्ञानिक सलाह पर ही बनाने के निर्देश दिए

कोरोना संक्रमण को हराने के लिए जम्मू कश्मीर पुलिस अब चालान नहीं बल्कि मास्क बांटेगी। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए हैं कि चैक प्वाइंट पर जहां लोग मास्क नहीं लगाए मिलते हैं तो उन्हें मास्क वितरित किए जाएं।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 12 Jun 2021 05:22 AM (IST) Updated:Sat, 12 Jun 2021 05:22 AM (IST)
उपराज्यपाल ने कंटेनमेंट जोन वैज्ञानिक सलाह पर ही बनाने के निर्देश दिए
उपराज्यपाल ने कंटेनमेंट जोन वैज्ञानिक सलाह पर ही बनाने के निर्देश दिए

राज्य ब्यूरो, जम्मू: कोरोना संक्रमण को हराने के लिए जम्मू कश्मीर पुलिस अब चालान नहीं, बल्कि मास्क बांटेगी। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए हैं कि चैक प्वाइंट पर, जहां लोग मास्क नहीं लगाए मिलते हैं, तो उन्हें मास्क वितरित किए जाएं। लोगों को इससे यह संदेश जाए कि उन्हें जुर्माना करना नहीं, बल्कि कोविड को रोकना मकसद है। यह रोक लोगों की भलाई के लिए हैं। उन्होंने कंटेनमेंट जोन वैज्ञानिक सलाह के आधार पर बनाने को कहा। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को कोरोना की रोकथाम के लिए उठाए कदमों की समीक्षा करते हुए टीकाकरण अभियान को मिशन मोड पर चलाने के निर्देश दिए गए हैं। उपराज्यपाल ने इस अभियान की जिलेवार समीक्षा की है। उन्होंने मंडलायुक्तों, जिला उपायुक्तों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से जरूरी कदम उठाकर संक्रमण दर को और कम करने को कहा है। पंचायतों में बनाए गए कोविड केयर सेंटरों को प्रभावी बनाने के लिए जिला उपायुक्तों और मुख्य स्वास्थ्य अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी जाए। उपराज्यपाल ने कहा कि आने वाले कुछ दिन बहुत ही चुनौतीपूर्ण हैं। अधिक से अधिक टेस्ट करने के अलावा एसओपी का सख्ती के साथ पालन कराया जाए। 24 घंटे काम कर कोविड की चुनौती को पार पाना होगा। जिन जिलों में टीकाकरण कम हो रहा है, उन जिलों पर उपराज्यपाल ने जिला उपायुक्तों को पुलिस और सिविल प्रशासन के साथ मिलकर योजना बनाने को कहा। इन जिलों में लक्ष्य को हासिल करने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने होंगे। स्वास्थ्य विभाग के वित्तीय आयुक्त अटल ढुल्लु ने उपराज्यपाल को प्रदेश में कोरोना संक्रमण दर सिर्फ 2.2 फीसद पर आने की जानकारी दी। अभी सार्वजनिक कार्यक्रमों की मनाही

उपराज्यपाल ने कहा कि अभी कहीं पर भी सामाजिक कार्यक्रम न हों, विवाह में लोग भीड़ न जुटाएं। कोई भी सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने से पहले इजाजत लेना जरूरी है। पुलिस, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमों का गठन किया जाए जो एसओपी का सख्ती के साथ पालन कराए और लोगों को जागरूक करे। उन्होंने घर-घर जाकर टीकाकरण अभियान चलाने के लिए भी कहा। अब 30 जून तक 45 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को टीका

प्रदेश सरकार ने 45 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को कोरोना रोधी टीका लगाने की समयसीमा एक बार फिर तय की है। अब सौ फीसद टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने के लिए 30 जून तक का समय दिया गया है। उपराज्यपाल ने निर्देश दिए हैं कि 45 साल से अधिक आयु के सभी लोगों को 30 जून तक वैक्सीन की पहली डोज दे दी जाए। इसके अलावा 15 जुलाई तक 18-44 आयु वर्ग के 30 फीसद लोगों को वैक्सीन की पहली डोज देने को कहा गया है। विकास गतिविधियां भी जरूरी

उपराज्यपाल ने कहा कि अभी कोरोना नियंत्रण में है। ऐसे में विकास गतिविधियां और कोरोना एसओपी को लागू करना साथ-साथ में हो। हमें आर्थिक गतिविधियों को तेजी देकर अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है। लोगों को मूल सुविधाएं मिलनी चाहिए। अधिकांश सेवाएं आनलाइन उपलब्ध हों। उन्होंने कम्यूनिटी टॉयलट बनाने की रिपोर्ट भी जिला उपायुक्तों को सौंपने के निर्देश दिए। उपराज्यपाल ने जिला विकास परिषद के चेयरमैन के लिए कार्यालय बनाने, पुलिस विभाग के शहीद कर्मियों के बच्चों के लिए होस्टल बनाने के काम में तेजी लाने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने सक्षम योजना के तहत लाभार्थियों को भी चयन जल्दी करने को कहा।

chat bot
आपका साथी