लोकसभा की जीत को विस चुनाव में भुनाएगी भाजपा

राज्य ब्यूरो, जम्मू लोकसभा चुनाव में जम्मू कश्मीर में शानदार प्रदर्शन से उत्साहित भाजपा अब विधानस

By JagranEdited By: Publish:Sat, 25 May 2019 01:46 AM (IST) Updated:Sat, 25 May 2019 01:46 AM (IST)
लोकसभा की जीत को विस चुनाव में भुनाएगी भाजपा
लोकसभा की जीत को विस चुनाव में भुनाएगी भाजपा

राज्य ब्यूरो, जम्मू

लोकसभा चुनाव में जम्मू कश्मीर में शानदार प्रदर्शन से उत्साहित भाजपा अब विधानसभा चुनावों में भी इस जीत को भुनाएगी। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा ने शुक्रवार को कोर गु्रप की बैठक की। इसमें लोकसभा चुनावों में विधानसभावार किए गए प्रदर्शन पर चर्चा की गई।

बैठक में जम्मू-पुंछ, उधमपुर-डोडा व लद्दाख के संसदीय क्षेत्रों में आने वाले 41 विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के प्रदर्शन पर गौर किया गया। पार्टी अपने प्रदर्शन से संतुष्ट है लेकिन राजनीतिक लक्ष्य को हासिल करने के लिए संसदीय चुनाव में उजागर हुई कमियों को नेताओं-कार्यकर्ताओं में बेहतर समन्वय से दूर किया जाएगा।

आगे की रणनीति के तहत भाजपा संसदीय चुनाव में संभाग के 25 विधानसभा क्षेत्रों में अपनी बढ़त को बढ़ाने के लिए और जोर लगाएगी। राज्य में तीन लोकसभा सीटों को अधिक अंतर से जीतने से पार्टी को यकीन है कि आगामी विधानसभा चुनावों में उसे 30 से अधिक सीटें मिलेंगी। वर्ष 2014 में भाजपा ने 25 सीटें जीतकर पीडीपी के साथ सरकार बनाई थी। इस बार लोकसभा चुनावों में भाजपा ने रियासत में करीब 16.44 लाख वोट लिए हैं। ऊधमपुर कठुआ सीट से जितेंद्र सिंह, रिकॉर्ड तोड़ 3.57 लाख वोटों से जीते हैं तो जम्मू सीट से जुगल किशोर शर्मा ने 3.02 लाख वोटों से शानदार जीत हासिल की हैं। लद्दाख से जीते भाजपा के उम्मीदवार जामियांग त्सेरिग नांग्याल को 41,315 वोट मिले हैं। भाजपा जम्मू-पुंछ के बीस विधानसभा क्षेत्रों में से 15 में मजबूत हुई है। वहीं, उधमपुर-डोडा संसदीय क्षेत्र की 17 सीटों से पार्टी 10 में मजबूत है। कुछ क्षेत्रों में भाजपा 200-300 वोटों से पिछड़ी है। वहीं लद्दाख की कारगिल विधानसभा क्षेत्र को छोड़कर अन्य तीनों विस क्षेत्र में भाजपा आगे है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविंद्र रैना की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सांसद जुगल किशोर शर्मा, विधानसभा स्पीकर डॉ. निर्मल सिंह, राज्यसभा के सांसद शमशेर सिंह मन्हास, पूर्व उपमुख्यमंत्री कविंद्र गुप्ता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा, प्रदेश के महासचिवों व अन्य कुछ वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। शाम को दिल्ली में होने वाली बैठक में हिस्सा लेने के लिए रवाना हो गए प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह इस बैठक में हिस्सा नहीं ले पाए। रैना ने बताया कि पार्टी हाईकमान प्रदेश भाजपा के शानदार प्रदर्शन से संतुष्ट है। अब हमारे समक्ष विधानसभा चुनाव को जीतने का लक्ष्य है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा इस समय राज्य में विधानसभा की 30 सीटें जीतने की स्थिति में है इसे और बेहतर किया जाएगा।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी