Jammu: JMC सफाई कर्मचारियों ने दिया 72 घंटे का अल्टीमेटम, अगस्त से हड़ताल पर जाने की दी चेतावनी
शहर में गंदगी फैलाने का सफाई कर्मचारियों का कोई मन नहीं है लेकिन मजबूरन हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ जाएगा। पिछले कई वर्षों से हमारी मांगे लंबित पड़ी हुई है। निगम सफाई कर्मचारियों को बहुत हल्के से ले रहा है जबकि सफाई कर्मचारी निगम की रीढ़ की हड्डी होते हैं।
जागरण संवाददाता, जम्मू : नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने अगस्त के पहले सप्ताह से हड़ताल पर जाने की चेतावनी देते हुए निगम प्रशासन को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने विभिन्न मांगों को पूरा करने में दिखाई जा रही लापरवाही के खिलाफ हड़ताल पर उतरने का मन बनाया है।
मंगलवार को यहां पत्रकारों को संबोधित करते हुए सिविक सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान रिंकू गिल ने कहा कि निगम प्रशासन के आश्वासन जमीन पर नहीं उतर रहे हैं। बार-बार कहने के बावजूद सफाई कर्मचारियों के लिए कुछ नहीं किया जा रहा। इस कारण मजबूरन अब सफाई कर्मचारियों को हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
पहले कोरोना महामारी के चलते हमने निगम प्रशासन को समय दिया। अब और बर्दाश्त नहीं करेंगे। लिहाजा यूनियन ने निगम प्रशासन को 72 घंटे का समय दिया है। अगर इस दौरान उनकी मांगे नहीं मानी जाती तो पहले एक दिन की हड़ताल की जाएगी और फिर अगस्त माह में सभी सफाई कर्मचारी कामकाज छोड़ हड़ताल पर चले जाएंगे।
शहर में गंदगी फैलाने का सफाई कर्मचारियों का कोई मन नहीं है लेकिन मजबूरन हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ जाएगा। पिछले कई वर्षों से हमारी मांगे लंबित पड़ी हुई है। निगम प्रशासन सफाई कर्मचारियों को बहुत हल्के से ले रहा है जबकि सफाई कर्मचारी निगम की रीढ़ की हड्डी होते हैं। उनके लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे। हमारी मांगों को जल्द पूरा किया जाना चाहिए।
यूनियन की प्रमुख मांगे जम्मू नगर निगम का पुनर्गठन किया जाए। सफाई कर्मचारियों के लिए नगर निगम कालोनी का निर्माण करे 600 कैजुअल सफाई कर्मचारियों की भर्ती जल्द शुरू हो। अढ़ाई दिनों के वेतन का भुगतान किया जाए। निगम में तैनात ड्राइवरों को पक्का किया जाए। सफाई कर्मचारियों से छुट्टी के दिन काम न करवाया जाए।