Jammu : पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नगर निगम बढ़ा रहा कदम, गलियों से रिक्शों में उठाया जा रहा कचरा

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदमताल कर रहे निगम के डोर-टू-डोर सेवा को प्रभावी बनाने के लिए यह कदम बढ़ाए हैं। फिलहाल समतल क्षेत्रों में यह रिक्शे चलाए जा रहे हैं। जल्द ही पुराने शहर की संकरी गलियों के लिए नई व्यवस्था लागू की जाएगी।

By Rahul SharmaEdited By: Publish:Fri, 03 Sep 2021 11:43 AM (IST) Updated:Fri, 03 Sep 2021 11:43 AM (IST)
Jammu : पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नगर निगम बढ़ा रहा कदम, गलियों से रिक्शों में उठाया जा रहा कचरा
अब ऐसे सौ रिक्शे खरीदने की तैयारी है।

जम्मू, जागरण संवाददाता : स्वच्छ जम्मू, स्वस्थ जम्मू बनाने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए जम्मू नगर निगम ने रिक्शा के माध्यम से कचरा उठाने का ट्रायल शुरू किया है जिसके बेहतर परिणाम आना शुरू हुए हैं। इससे जहां निगम को पेट्रोल का खर्च बच रहा है तो छोटी-छोटी गलियों में भी यह रिक्शा पहुंच रहा है। ट्रायल के तौर पर 28 रिक्शे शहर में चलाए जा रहे हैं। अब ऐसे सौ रिक्शे खरीदने की तैयारी है।

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदमताल कर रहे निगम के डोर-टू-डोर सेवा को प्रभावी बनाने के लिए यह कदम बढ़ाए हैं। फिलहाल समतल क्षेत्रों में यह रिक्शे चलाए जा रहे हैं। जल्द ही पुराने शहर की संकरी गलियों के लिए नई व्यवस्था लागू की जाएगी। पहले शहर में निगम ने आटो से गलियों से कचरा उठाने की व्यवस्था बनाई हुई है लेकिन कई मुहल्लों में आटो नहीं पहुंच पाता था। इससे जहां लोगों को सुविधा नहीं मिल पा रही थी तो वहीं निगम को राजस्व का भी घाटा हो रहा था।

शहर से निकलने वाला कचरा

कुल कचरा जमा होता है - 400 मीट्रिक टन प्रति दिन गलियों की सफाई से - 50 मीट्रिक टन प्रति दिन होटल/रेस्टोरेंट से - 40 मीट्रिक टन प्रतिदिन बाजारों से - 50 मीट्रिक टन प्रतिदिन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से - 20 मीट्रिक टन प्रतिदिन घरों से - 130 मीट्रिक टन प्रतिदिन अन्य से - 110 मीट्रिक टन प्रतिदिन

स्वच्छता सर्वेक्षण में बदलाव के लिए कदमताल : वर्ष 2021 व आगे होने वाले स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर निगम अपनी स्थिति सुधारने की दिशा में अग्रसर है। इसलिए विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। जम्मू नगर निगम के अधीन 189.43 किलोमीटर क्षेत्र में फैले शहर के 75 वार्डो में स्वच्छता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अगस्त 2020 में आए स्वच्छता सर्वेक्षण के सर्वे में जम्मू शहर 224वें स्थान पर रहा था। इससे पहले 2019 में 117 अंक गिरकर शहर 329वें स्थान पर रहा था। वहीं, वर्ष 2017 के सर्वेक्षण में जम्मू 251वें स्थान पर रहा था। वर्ष 2018 में 39 रैंक की बढ़त के साथ जम्मू 212वें स्थान पर पहुंचा। अब इसमें बेहतरी की उम्मीद है। निगम इस बार कोई कसर शेष नहीं छोड़ रहा।

स्वच्छ जम्मू बनाना है : जम्मू नगर निगम की हेल्थ आफिसर डा. संयोगिता सूदन का कहना है कि स्वच्छ जम्मू और स्वस्थ जम्मू बनाने के लिए नगर निगम हर प्रयास कर रहा है। शहर की छोटी गलियों से कचरा उठाने के लिए छह कूड़ेदान वाला रिक्शा सर्विस का ट्रायल किया। 28 रिक्शे लगाए गए। बहुत अच्छे परिणाम मिले। अब 100 रिक्शे खरीदे जा रहे हैं। डोर-टू-डोर कचरा उठाने पर विशेष फोक्स किया जा रहा है। जब कचरा घरों से ही उठ जाएगा तो शहर में गंदगी कम हो जाएगी। इसके निस्तारण के प्रोजेक्ट पर भी काम जोरशोर से जारी है।  

chat bot
आपका साथी