Jammu Kashmir : कुपवाड़ा में जवान ने गोली मारकर की आत्महत्या
बुधवार की रात करीब साढ़े दस बजे सेना की राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात जवान लोकिंदर सिंह ठाकुर नाम के जवान ने संदिग्ध परिस्थितियों में खुद को गोली मार ली। फायर की आवाज सुन उसके साथी जवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि लोकिंदर सिंह ठाकुर खून से लथपथ पड़ा था।
श्रीनगर, जेएनएन : कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सेना के एक जवान ने गोली मार कर आत्महत्या कर ली। जवान ने ऐसा कदम क्यों उठाया अभी इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जवान के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल की भी जांच की जाएगी ताकि यह पता चल सके कि आखिरी समय में उसने किससे बात की थी और किस तनाव में जवान ने आत्महत्या की।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बुधवार की रात करीब साढ़े दस बजे सेना की राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात जवान लोकिंदर सिंह ठाकुर नाम के जवान ने संदिग्ध परिस्थितियों में खुद को गोली मार ली। ोफायर की आवाज जब उसके साथी जवानों ने सुनीं तो मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि लोकिंदर सिंह ठाकुर खून से लथपथ पड़ा था। वहीं उसकी सर्विस राइफल भी पड़ी थी। इस घटना की जानकारी सेना के अधिकारियों को दी गई। शव को उठाकर सैन्य अस्पताल पहुंचा गया।
बाद में इस घटना की जानकारी सेना की ओर से पुलिस को भी दी गई। पुलिस ने कानूनी औपचारिकता शुरू कर दी। घटना स्थल से सबूत जुटाए गए। जवान के मोबाइल फोन को भी जांच के लिए गया। हादसे की जानकारी लोकिंदर के परिवार को दे दिया गया। वीरवार को कानूनी औपचारिकता के बाद शव को उसके पैतृक गांव भेजने की पहल शुरू की गई।
ज्ञात रहे कि कुपवाड़ा जिले के ही हंदवाड़ा में बुधवार को एक पुलिस कांस्टेबल को उसके साथी जवान की राइफल से कथित रूप से दुर्घटनावश गोली लग गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई। मारे गए कांस्टेबल अजय धर के परिवार वाले हत्या का आरोप लगा रहे हैं।