Jammu: सफाई कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर नगर निगम प्रशासन को दी हड़ताल पर जाने की चेतावनी

कोविड-19 के चलते लटकी 600 सफाई कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया पूरा कर कर्मचारियों की नियुक्ति करने की मांग भी पूरी नहीं हो रही है। सिर्फ आश्वासन मिल रहे हैं। कर्मचारियों की भर्ती की दिशा में कुछ कदम निगम ने बढ़ाए जरूर हैं लेकिन अभी नियुक्तियां नहीं हुईं।

By Rahul SharmaEdited By: Publish:Wed, 02 Dec 2020 11:21 AM (IST) Updated:Wed, 02 Dec 2020 11:21 AM (IST)
Jammu: सफाई कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर नगर निगम प्रशासन को दी हड़ताल पर जाने की चेतावनी
सिविक सफाई कर्मचारी यूनियन के बैनर तले बुधवार को टाउन हाल में प्रदर्शन करते सफाई कर्मचारी।

जम्मू, जागरण संवाददाता: सिविक सफाई कर्मचारी यूनियन ने बुधवार को धरना देकर नगर निगम प्रशासन को दिए गए पंद्रह दिन के समय में मांगे पूरी करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि 10 दिसंबर को पहले काम छोड़ो हड़ताल रखी जाएगी और जरूरत पड़ी तो हड़ताल को प्रभावी बनाते हुए आगे बढ़ाया जाएगा। लिहाजा निगम बार-बार उजागर की जा रही मांगों को पूरा करे।

बुधवार सुबह सफाई कर्मचारियों ने टाउन हाल में एकत्र होकर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। यहां प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए यूनियन के प्रधान रिंकू गिल ने कहा कि हमने प्रशासन को 24 नवंबर को अल्टीमेटम दिया था। उसी के तहत बुधवार को प्रदर्शन कर चेतावनी दी जा रही है। 10 दिसंबर तक मांगें नहीं मानी गईं तो मजबूर होकर हड़ताल का रुख अपनाना पड़ेगा। बार-बार प्रशासन को नोटिस दिए गए लेकिन कुछ होता नहीं दिख रहा।

उन्होंने जम्मू नगर निगम का पुनर्गठन, सफाई कर्मचारियों के 600 पदों को भरने के लिए भर्ती करने, 33 ड्राइवरों को स्थायी करने, यूटी नियमों के तहत डेलीवेजरों का वेतन बढ़ाने, सभी सफाई कर्मचारियों को अढ़ाई दिन का वेतन जारी करने, सफाई कर्मचारियों को बूट, जैकेट और वर्दी जारी करने, ड्राइवरों व क्लीनरों की पदोन्नति करने तथा सभी सफाई कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश देने की मांग की। उन्होंने कहा कि हमारी यह मांगे जल्द पूरी की जानी चाहिए।

गिल ने कहा कि पहले जम्मू शहर का क्षेत्र 32 वर्ग किलोमीटर होता था जो अब बढ़कर 150 वर्ग किलोमीटर हो चुका है। बावजूद इसके कर्मचारियों की संख्या नहीं बढ़ी। लिहाजा निगम का पुनर्गठन जरूरी है। कोविड-19 के चलते लटकी 600 सफाई कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया पूरा कर कर्मचारियों की नियुक्ति करने की मांग भी पूरी नहीं हो रही है। सिर्फ आश्वासन मिल रहे हैं। कर्मचारियों की भर्ती की दिशा में कुछ कदम निगम ने बढ़ाए जरूर हैं लेकिन अभी नियुक्तियां नहीं हुईं। कई वर्षों से 33 ड्राइवर निगम में सेवाएं दे रहे हैं, उन्हें आज तक स्थायी नहीं किया गया।

निगम में एनजीओ के तौर पर काम कर रहे सफाई कर्मचारियों को ही मौका दिया जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि निगम प्रशासन उन्हें सड़कों पर उतर कर कचरा डालने को मजबूर नहीं करेगा। हड़ताल से पहले मांगें पूरी होंगी। प्रदर्शनकारियों में अश्विनी सिधि, मंगा मट्टू, साबी, राकेश, राजेश, विलियम, कलविंद्र, किरणा, कश्मीरो, शहजादी गिल आदि शामिल थे।  

chat bot
आपका साथी