Jammu: दो महीने के लिए स्थगित हुई सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, नगर निगम प्रशासन ने मांगें मानी

यूनियन ने 11 सितंबर को निगम प्रशासन डिवीजनल कमिश्नर आवास एवं शहरी विकास विभाग के अधिकारियों को सचिवालय में नोटिस देते हुए 28 सितंबर से हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी थी। लगभग रोज ही विभिन्न वार्डों में सफाई कर्मचारियों से समर्थन जुटाने का अभियान शुरू किया गया था।

By Rahul SharmaEdited By: Publish:Thu, 24 Sep 2020 06:48 PM (IST) Updated:Thu, 24 Sep 2020 06:48 PM (IST)
Jammu: दो महीने के लिए स्थगित हुई सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, नगर निगम प्रशासन ने मांगें मानी
सिविक सफाई कर्मचारी यूनियन के नेता नगर निगम आयुक्त से बैठक करते हुए।

जम्मू, जागरण संवाददाता : शहर के सफाई कर्मचारियों की 28 सितंबर को होने वाली हड़ताल को नगर निगम प्रशासन के आश्वासन के बाद दो महीने के लिए स्थगित कर दिया गया है। सिविक सफाई कर्मचारी यूनियन की निगम प्रशासन के साथ वीरवार शाम को हुई बैठक में रजामंदी बनने के बाद यूनियन ने हड़ताल को स्थगित करने की घोषणा की।

सिविक सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान देवानंद गिल की अध्यक्षता में सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ जम्मू नगर निगम प्रशासन ने बैठक की। वीरवार शाम पांच बजे रखी गई इस बैठक में निगम आयुक्त अवनी लवासा ने निगम अधिकारियों की मौजूदगी में यूनियन नेताओं से उनकी मांगों पर चर्चा की। आयुक्त ने यूनियन के मोबाइल ऐप से हाजिरी बंद करने की मांग को मानते हुए कहा कि अब सिर्फ एक वक्त ही ऐप से हाजिरी ली जाएगी। इसके अलावा कर्मचारियों को वेतन नियमों के अनुसार होगा। इसके लिए सिविल सचिवालय में विभाग को पहले ही लिख दिया गया है। यूनियन के प्रधान देवानंद गिल ने बताया कि निगम प्रशासन ने उनकी मांगों को मान लिया है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों के समय में छूट देने का आश्वासन निगम आयुक्त ने दिया है।

हर वार्ड में 20 बाई 20 का वार्ड आफिस बनाने के संबंध मं आयुक्त ने कहा कि इसके लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। जल्द ही यह आफिस बनना शुरू हो जाएंगे। अढ़ाई दिन का वेतन बढ़ाने की मांग को भी पूरा करने का यकीन दिलाते हुए आयुक्त ने यूनियन नेताओं को सुना और यकीन दिलाया कि कानूनी तौर पर जो उनका हक होगा, उन्हें जरूर दिलाया जाएगा। अन्य विभागों की तर्ज पर उन्हें भी पूर्ण वेतन मिले, ऐसे प्रयास होंगे। 600 सफाई कर्मचारियों की भर्ती की प्रक्रिया पर प्रशासन ने कहा कि कोरोना महामारी से थोड़ी राहत मिलते ही भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी।

निगम से अनुभव प्राप्त सफाई कर्मचारियों को प्राथमिकता दी जाएगी। गिल ने कहा कि अधिकतर मांगे मान ली गई हैं। अब इन्हें लागू करने में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं करेंगे। लिहाजा यूनियन ने प्रशासन के आश्वासन पर दो महीने के लिए हड़ताल को स्थगित कर रहे हैं। उम्मीद है कि निगम प्रशासन तब तक मांगों को पूरा करने की दिशा में प्रभावी कदम उठा लेगा।

यूनियन ने 11 सितंबर को निगम प्रशासन, डिवीजनल कमिश्नर, आवास एवं शहरी विकास विभाग के अधिकारियों को सचिवालय में नोटिस देते हुए 28 सितंबर से हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी थी। इसके बाद लगभग रोज ही विभिन्न वार्डों में सफाई कर्मचारियों से समर्थन जुटाने का अभियान शुरू किया गया था। यूनियन शुक्रवार से हड़ताल के लिए रणनीति तैयार करने जा रही थी। इसी बीच निगम प्रशासन ने यूनियन नेताओं को बुलाकर मांगे मान लीं।

chat bot
आपका साथी