Jammu: जम्मू नगर निगम की महिला सुपरवाइजर रिश्वत लेते गिरफ्तार

सीबीआई सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपित महिला सुपरवाइजर से करीब एक घंटे तक गहन पूछताछ की गई और इस दौरान उसने नगरनिगम के कुछ आला अधिकारियों के नाम भी बताए है जिनके संरक्षण में वह भ्रष्टाचार का खेल चला रही थी।

By Rahul SharmaEdited By: Publish:Sat, 17 Apr 2021 09:32 AM (IST) Updated:Sat, 17 Apr 2021 09:32 AM (IST)
Jammu: जम्मू नगर निगम की महिला सुपरवाइजर रिश्वत लेते गिरफ्तार
सीबीआई टीम ने निष्पक्ष गवाहों की मौजूदगी में उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

जम्मू, जागरण संवाददाता: सीबीआई ने शुक्रवार को जम्मू नगरनिगम की सैनिटरी सुपरवाइजर शहजादी गिल को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने नगरनिगम की हेल्थ विंग में घंटों छानबीन के साथ शहजादी गिल के रेजीडेंसी रोड स्थित घर में भी दबिश दी और वहां पर भी काफी देर तक सीबीआई की छानबीन चली। इस महिला सुपरवाइजर ने एक ठेकेदार का ठेका रिन्यू करने की ऐवज में 50 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी।

पूछताछ के दौरान आरोपित महिला सुपरवाइजर ने नगरनिगम के कुछ उच्चाधिकारियों के नामों का भी खुलासा किया है जिनकी छत्रछाया में वह भ्रष्टाचार का यह गौरखधंधा चला रही थी। जम्मू नगरनिगम में भ्रष्टाचार को लेकर सीबीआई के पास काफी शिकायतें आई है और सीबीआई ने इससे पहले भी नगरनिगम के टाउन हाल स्थित कार्यालय में दबिश देकर कई महत्वपूर्ण फाइलें अपने कब्जे में ली थी।

मौजूदा केस में शिकायतकर्ता एक ठेकेदार था और उसने अपनी शिकायत में कहा कि शहजादी गिल उसका ठेका रिन्यू करने की ऐवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रही है। इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सीबीआई ने जाल बिछाया और शुक्रवार को तय योजना के तहत शिकायतकर्ता जब रिश्वत के पैसे देने आरोपित महिला सुपरवाइजर के पास पहुंचा तो सीबीआई टीम ने निष्पक्ष गवाहों की मौजूदगी में उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

सीबीआई सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपित महिला सुपरवाइजर से करीब एक घंटे तक गहन पूछताछ की गई और इस दौरान उसने नगरनिगम के कुछ आला अधिकारियों के नाम भी बताए है जिनके संरक्षण में वह भ्रष्टाचार का खेल चला रही थी। सीबीआई ने इस मामले में महिला सुपरवाइजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

chat bot
आपका साथी