Jammu Municipal Corporation: शहर में खुलेंगे वार्ड ऑफिस, लोगों को मिलेंगी सुविधाएं; प्रक्रिया तेजी से जारी

मेयर चंद्र मोहन गुप्ता का कहना है कि हर वार्ड में इस प्रकार के आफिस बनाए जा रहे हैं। इसका मकसद शहर वार्ड वासियों को उनके क्षेत्र में रहकर सुनने और समस्याओं का समाधान करने का मौका देना है। संबंधित कर्मचारी भी एक ही जगह उपलब्ध रहेंगे।

By Rahul SharmaEdited By: Publish:Tue, 29 Sep 2020 11:49 AM (IST) Updated:Tue, 29 Sep 2020 11:51 AM (IST)
Jammu Municipal Corporation: शहर में खुलेंगे वार्ड ऑफिस, लोगों को मिलेंगी सुविधाएं; प्रक्रिया तेजी से जारी
वार्ड 59, पलौड़ा में खोला गया वार्ड ऑफिस।

जम्मू, जागरण संवाददाता : शहर भर में जम्मू नगर निगम वार्ड ऑफिस खोलने जा रहा है। इसकी प्रक्रिया तेजी से जारी है। इन वार्ड ऑफिस के खुलने से हर वार्ड में नगर निगम द्वारा उपलब्ध करवाई जाने वाली सुविधाओं में इजाफा होगा। निगम द्वारा वार्ड में उपलब्ध करवाया जाने वाला सामान इनमें रखा जा सकेगा। इतना ही नहीं सफाई कर्मचारियों समेत वार्ड में तैनात अन्य कर्मचारियों की उपस्थिति भी यहां से देखी जा सकेगी।

इस कड़ी में कदम बढ़ाते हुए शहर के वार्ड नंबर 59, पलौड़ा में वार्ड ऑफिस खोला गया। क्षेत्र के कॉरपोरेटर अशोक सिंह मन्हास ने इस वार्ड ऑफिस का शुभारंभ किया। इस वार्ड में पहले से ही ऑफिस बना हुआ था जिसका जीर्णोद्धार अब नगर निगम के हर वार्ड में ऑफिस खोलने के फैसले के बाद किया गया। इससे क्षेत्र वासियों को काफी लाभ होगा। कॉरपोरेटर अशोक सिंह मन्हास ने कहा कि वार्ड ऑफिस होने से नगर निगम से वार्ड के लिए भेजे जाने वाले सामान को रखने की जगह उपलब्ध हो जाती है।

इतना ही नहीं नगर निगम के वार्ड में तैनात कर्मचारियों की हाजिरी, उनसे बैठक करने अथवा अन्य जानकारियां हासिल करने के लिए एक सथान मिल जाता है। उन्होंने कहा कि वार्ड ऑफिस का जीर्णोद्धार कर इसे बहुत अच्छा बना दिया गया है। कोशिश की जाएगी कि यहीं लोगों की शिकायतें भी सुनी जाएं और उनका समाधान करवाया जाए।

मेयर चंद्र मोहन गुप्ता का कहना है कि हर वार्ड में इस प्रकार के ऑफिस बनाए जा रहे हैं। इसका मकसद शहर वार्ड वासियों को उनके क्षेत्र में रहकर सुनने और समस्याओं का समाधान करने का मौका देना है। कर्मचारियों को भी अपने वार्ड में एक ही जगह इकट्ठे होने की जगह उपलब्ध रहेगी। वार्ड ऑफिस में चूना, साफ-सफाई का अन्य सामान रखने के अलावा बैठक कर जारी कार्यों बारे जानकारी भी उपलब्ध करवाई जाएगी। कॉरपोरेटरों के सहयोग से यह अच्छा कदम उठाया गया है।  

chat bot
आपका साथी