Smart City Jammu: जम्मू शहर के चौराहों की शोभा बढ़ाएंगे फव्वारे

इन चौराहों पर जब फव्वारे लग जाएंगे तो शहर के सौंदर्यीकरण में भी चार चांद लग जाएंगे। फिलहाल शहर के किसी भी चौक-चौराहे में पार्क अथवा रोटरी में कोई फव्वारा नहीं चलता।

By Rahul SharmaEdited By: Publish:Fri, 18 Oct 2019 02:29 PM (IST) Updated:Fri, 18 Oct 2019 02:29 PM (IST)
Smart City Jammu: जम्मू शहर के चौराहों की शोभा बढ़ाएंगे फव्वारे
Smart City Jammu: जम्मू शहर के चौराहों की शोभा बढ़ाएंगे फव्वारे

जम्मू, अंचल सिंह। स्मार्ट सिटी की ओर बढ़ रहे जम्मू शहर के चौक-चौराहे अब हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करेंगे। नगर निगम शहर के 19 चौराहों पर फव्वारे लगाने जा रहा है। कुंजवानी चौक से अंबफला तक चौराहों की इसके लिए निशानदेही भी कर ली गई है। टेंडर भी आमंत्रित कर लिए हैं।

इन 19 चौकों में से पांच ऐसे हैं जहां पहले से फव्वारे लगे हुए थे। वे भी खराब हालत में हैं। लिहाजा सभी चौराहों के फव्वारे चलाए जाएंगे। कुंजवानी चौक, सतवारी चौक, डोगरा चौक, यूनिवर्सिटी चौक, पनामा चौक, मियां डिडो चौक, बिक्रम चौक, गुज्जर नगर चौक इनमें प्रमुख हैं।

इन चौराहों पर जब फव्वारे लग जाएंगे तो शहर के सौंदर्यीकरण में भी चार चांद लग जाएंगे। फिलहाल शहर के किसी भी चौक-चौराहे में पार्क अथवा रोटरी में कोई फव्वारा नहीं चलता। कुछ साल पहले तक बिक्रम चौक में फव्वारा चलता था लेकिन फ्लाईओवर के निर्माण के साथ यह चौक तोडऩा पड़ा। यहां लगी प्रतिमा का स्थान भी बदला गया। अब फिर से यहां फव्वारा लगाकर चौक को सुसज्जित किया जाएगा।

गौरतलब है कि जम्मू शहर को स्मार्ट सिटी के अधीन ला दिया गया है। इसी कड़ी में विभिन्न प्रोजेक्ट्स पर चर्चाएं चल रही हैं। इसी कड़ी में निगम को विभिन्न परियोजनाओं को बदलना भी पड़ रहा है। शहर में कुल 75 वार्ड हैं और हर वार्ड में पार्क व रोटरी भी हैं। इनमें से नगर निगम फिलहाल प्रमुख 19 को फव्वारों से संवारने की तैयारी कर बैठा है।

स्थानीय लोगों की भी काफी समय से मांग थी कि शहर के चौराहों का सौंदर्यीकरण किया जाए। खराब पड़े फव्वारों को दुरुस्त किया ताकि बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी यहां कुछ अच्छा लगे। शहर भर में पांच पुराने और चौदह नए फव्वारे लगाने की योजना हमने बनाई हैं। इसके लिए टेक्निकल बिड खोल दी गई है। अलबत्ता स्मार्ट सिटी के तहत इसमें कोई बदलाव न हो, इसके मद्देनजर इस पर फिर से चर्चा की जा रही है। स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट के अधीन भी कोई ऐसी परियोजना हुई तो यह पैसा बेकार हो सकता है। लिहाजा कुछ दिनों में इस पर काम शुरू करने से पहले फैसला लिया जाएगा। इससे सुविधा मिलेगी। - मोहित महाजन, एक्सईएन, जम्मू नगर निगम शहर के चौराहों को खूबसूरत बनाने के लिए नगर निगम इनमें फव्वारे लगाने जा रहा है। इसके लिए टेंडर आमंत्रित कर लिए गए हैं। टेंडर खुलने व अन्य औपचारिकता पूरी करने के बाद जल्द इनका काम शुरू किया जाएगा। इससे शहर के मुख्य चौराहे आकर्षित बन जाएंगे। शहर की खूबसूरती बढ़ जाएगी। - स. जसपाल सिंह, ज्वाइंट कमिश्नर (डब्ल्यू), जम्मू नगर निगम

chat bot
आपका साथी