रविन्द्र रैना का दावा जम्मू-कश्मीर में मिशन 50 प्लस का लक्ष्य हासिल कर भाजपा बनाएगी अपनी सरकार

Jammu Kashmir BJP रजत सिंह को भाजपा युवा मोर्चा में लाने में सक्रिय भूमिका निभाने वाले भाजपा युवा मोर्चा के प्रधान अरुण प्रभात सिंह ने विश्वास दिलाया कि युवा कार्यकर्ता अपने बलबूत पर सरकार बनाने के लक्ष्य को हासिल करेंगे।

By Rahul SharmaEdited By: Publish:Mon, 02 Aug 2021 10:13 AM (IST) Updated:Mon, 02 Aug 2021 10:13 AM (IST)
रविन्द्र रैना का दावा जम्मू-कश्मीर में मिशन 50 प्लस का लक्ष्य हासिल कर भाजपा बनाएगी अपनी सरकार
युवा कार्यकर्ता लोगों को केंद्र प्रायोजित योजनाओं को लाभ दिलाने की दिशा में भी सराहनीय कार्य कर रहा है।

जम्मू, राज्य ब्यूरो: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविन्द्र रैना ने कहा है कि पार्टी विधानसभा चुनाव में मिशन 50 प्लस का लक्ष्य हासिल कर अपने बलबूते पर सरकार बनाएगी।

रविवार को पार्टी मुख्यालय में सामाजिक कार्यकर्ता रजत सिंह मन्हास का समर्थकों समेत पार्टी में स्वागत करते हुए रविन्द्र रैना ने लोगों का भाजपा में पूरा विश्वास जताना इसका सबूत है कि अगली सरकार भाजपा की होगी। रैना ने कहा कि भाजपा में विश्वास रखने वाले लोग पार्टी में शामिल होकर इसे मजबूत बना रहे हैं। उन्हें युवा कार्यकर्ताओं को साथ जोड़ने के लिए युवा मोर्चा द्वारा किए जा रहे प्रयासों के भी सराहना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि युवा कार्यकर्ता समाज की बेहतरी के लिए जोरशोर से काम करेंगे।

रजत सिंह को भाजपा युवा मोर्चा में लाने में सक्रिय भूमिका निभाने वाले भाजपा युवा मोर्चा के प्रधान अरुण प्रभात सिंह ने विश्वास दिलाया कि युवा कार्यकर्ता अपने बलबूत पर सरकार बनाने के लक्ष्य को हासिल करेंगे। उन्होंने बताया कि भाजपा की जनकेंद्रित योजनाओं से प्रभावित होकर युवा पार्टी में शामिल होने के प्रति उत्साह दिखा रहे हैं। जम्मू के साथ कश्मीर में भी पार्टी लगातार मजबूत हो रही है। युवा कार्यकर्ता लोगों को केंद्र प्रायोजित योजनाओं को लाभ दिलाने की दिशा में भी सराहनीय कार्य कर रहा है।

वहीं रजत सिंह ने कहा कि वह भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर समर्थकों समेत पार्टी में शामिल हुए हैं। ऐसे में पार्टी को जमीनी सतह पर मजबूत बनाने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा। पार्टी द्वारा दी जाने वाली हर जिम्मेवारी को निष्ठा से पूरा किया जाएगा। पार्टी मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में युवा मोर्चा के कई पदाधिकारी भी मौजूद थे।

आपको जानकारी हो कि परिसीमन कमिशन के दौरे के बाद से ही भाजपा नेताओं ने जम्मू-कश्मीर में अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। प्रदेश प्रधान रविन्द्र रैना के अलावा केंद्रीय नेताओं ने भी भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को लोगों के बीच जाकर उन्हें भाजपा की नीतियों व करवाए जा रहे विकास कार्यों से अवगत कराने को कह दिया है।

chat bot
आपका साथी