फिल्म प्रशिक्षण संस्थान से जुड़ेंगे लद्दाख और जम्मू कश्मीर

कारगिल युद्ध के हीरो शहीद बिक्रम बत्रा की जीवन आधारित फिल्म शेरशाह के प्रदर्शन के साथ लद्दाख में पहला हिमालयन फिल्म फेस्टिवल शुक्रवार को लेह में शुरू हो गया। इसका मकसद लद्दाख में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाना है। पांच दिवसीय इस महोत्सव का केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा खेल ओर युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर ने उद्घाटन किया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 25 Sep 2021 05:18 AM (IST) Updated:Sat, 25 Sep 2021 05:18 AM (IST)
फिल्म प्रशिक्षण संस्थान से जुड़ेंगे लद्दाख और जम्मू कश्मीर
फिल्म प्रशिक्षण संस्थान से जुड़ेंगे लद्दाख और जम्मू कश्मीर

राज्य ब्यूरो, जम्मू: कारगिल युद्ध के हीरो शहीद बिक्रम बत्रा की जीवन आधारित फिल्म शेरशाह के प्रदर्शन के साथ लद्दाख में पहला हिमालयन फिल्म फेस्टिवल शुक्रवार को लेह में शुरू हो गया। इसका मकसद लद्दाख में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाना है। पांच दिवसीय इस महोत्सव का केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा खेल ओर युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर ने उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि लद्दाख जल्द ही अंतरराष्ट्रीय महोत्सव में नजर आएगा। लद्दाख ही नहीं, जम्मू कश्मीर को भी जल्द एक फिल्म प्रशिक्षण संस्थान से जोड़ा जाएगा। हिमालयन फिल्म महोत्सव भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव के जश्न का एक हिस्सा है। इसमें स्थानीय फिल्म निर्माता भी भाग ले रहे हैं। इसके अलावा 12 हिमालयन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश अपनी प्रतिभा को दिखा रहे हैं। महोत्सव के पहले दिन फिल्म शेरशाह में मुख्य भूमिका निभाने वाले सिद्धार्थ मल्होत्रा और निर्देशक विष्णुव‌र्द्धन भी मौजूद थे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमारा प्रयास है कि लेह में फिल्म महोत्सव, युवा महोत्सव और शीतकालीन खेलों का आयोजन किया जाए ताकि यहां के युवाओं को भी अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिमालयन राज्यों को नई पहचान देने का काम किया है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय भी इसी दिशा में काम कर रहा है। हिमालयन राज्य अपनी सांस्कृतिक विविधता के लिए जाने जाते हैं। यहां के युवाओं को इस महोत्सव के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि देश में ओटीटी प्लेटफार्म की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। सिर्फ बड़े राज्य ही नहीं, बल्कि छोटे राज्यों के युवा भी अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। इस क्षेत्र की अभी बहुत अधिक संभावना है। महोत्सव से अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी

लद्दाख के सांसद जामयांग सेरिग नामग्याल ने कहा कि यह महोत्सव स्थानीय युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान दिलाने में अहम होगा। शिक्षा, अर्थव्यवस्था, स्वास्थ्य, ढांचागत सुविधाओं में लद्दाख तेजी के साथ विकास कर रहा है। वह दिन दूर नहीं जब लद्दाख केंद्र शासित प्रदेशों में विकास के मानकों में सबसे ऊपर होगा। यह सब है महोत्सव में

हिमालयन महोत्सव में लघु फिल्म और वृतचित्रों को भी प्रतिस्पर्धा के लिए बुलाया गया है। लद्दाख के व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे। यहां की संस्कृति लुभाएगी। संगीत महोत्सव भी होगा। कई भाषाओं की फिल्में दिखाई जाएंगी। इनमें असम की भाषा में बनी इशू, अरुणाचली में बनी क्रांसिग ब्रिज, बंगाली में बनी चटगांव, हिदी फिल्म लेफ्ट या राइट, हिमाचली फिल्म बनी मने दे फेरे, लद्दाखी में बनी लजाडोल, मिजो में बनी किमा लाज दिखाई जाएगी। मणिपुरी और हालीवुड की फिल्में भी होंगी। फिल्म महोत्सव का एक आकर्षण आमिर खान की फिल्म थ्री इंडियट भी होगी।

chat bot
आपका साथी