सर्वदलीय बैठक के लिए पीएम मोदी से आमंत्रण नहीं मिलने पर जम्मू के कारपोरेटर नाराज
जम्मू नगर निगम के निदर्लीय व कांग्रेसी कारपोरेटरों ने आज यानि बुधवार को एक पत्रकारवार्ता का आयोजन किया। इसमें उन्होंने कल नई दिल्ली में होने वाली सर्वदलीय बैठक में निवार्चित जनप्रतिनिधियों को न बुलाये जाने पर कड़ा रोष जताया।
जम्मू, जेएनएन। जम्मू नगर निगम के निदर्लीय व कांग्रेसी कारपोरेटरों ने आज यानि बुधवार को एक पत्रकारवार्ता का आयोजन किया। इसमें उन्होंने कल नई दिल्ली में होने वाली सर्वदलीय बैठक में निवार्चित जनप्रतिनिधियों को न बुलाये जाने पर कड़ा रोष जताया।
इनका कहना है कि इस बैठक में डीडीसी, बीडीसी व कारपोरेटरों को बुलाया जाना भी जरूरी था क्योंकि ये लोग जनता के प्रतिनिधि हैं और जनता की बात सरकार के समक्ष बेहतर प्रकार से रख सकते है लेकिन इन सभी की केंद्र सरकार ने अनदेखी की है।
कारपोरेटर द्वारिका चैधरी, गौरव चोपड़ा, शाम बासन अमित गुप्ता, सुच्चा सिंह, राजिंदेर सिंह जम्वाल, अशोक सिंह, प्रीतम सिंह, संधया गुप्ता, ऋतु चौधरी, रानी देवी, सोबित अली, रछपाल सहित कारपोरेटरों ने मेयर चंद्र मोहन गुप्ता द्वारा की गई पत्रकारवार्ता पर भी निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि डॉ निर्मल सिंह ने उप मुख्यमंत्री रहते 2017 में उस समय 200 करोड़ रुपये अमृत योजना के तहत जारी करवाए थे। पर मेयर चंद्र मोहन गुप्ता ढाई साल की उपलब्धियों की पत्रकारवार्ता में कहते है कि उनके रहते यह 200 करोड़ रुपये आया है तो डॉ निर्मल सिंह के समय हुआ स्वीकृत पैसा कहां गया ? यह एक जांच का विषय है। पहले भाजपा यह बताये कि 200 करोड़ रुपए कहाँ गया।
उन्होंने कहा कि मेयर चंद्र मोहन गुप्ता उपलब्धि बताना भूल गए जो हम आज बता रहे हैं। 600 सफाई कर्मचारी की भर्ती पिछले ढाई साल होने पर भी नहीं हुई। मेयर चंद्र मोहन गुप्ता यह उपलब्धि बताना भी भूल गए कि 70 साल नगर निगम में सीबीआइ की छापरेमारी इनके कार्यकाल में दो बार हुई। यह छापरेमारी बताती है कि नगर निगम में आज भी भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। मेयर की उपलब्धियों में आने वाले प्रोजेक्ट भी है।
उन्होंने प्रेस वार्ता में कहा कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट भी जल्द शुरू होगा। जो काम हुआ ही नहीं उसको भी उपलब्धियों में जोड़ा जा रहा है। क्योंकि इन्होंने ढाई साल में जनता को गुमराह किया है। मेयर पर तंज कसते हुए कहा कि जम्मू शहर के लिए इन्होंने कोई काम नहीं किया यह बस गाय को चारा डालकर सस्ती लोकप्रियता लेते रहे है। उन्होंने कहा कि मेयर अपनी उपलब्धि क्या बताएंगे इन्हें अपना प्रोटोकॉल का पता ही नहीं है। मेयर फादर ऑफ सिटी होता है लेकिन यह मेयर पूर्व मंत्री के प्रेस संबोधन में पीछे खड़े नजर आते हैं।